आस्था पर सख्ती, सियासत पर पूरी छूट! युवा मोर्चे के स्वागत जुलूस में जगह जगह गूंजे कानफोड़ू डीजे और सजे मंच

जबलपुर,यशभारत । शहर में इन दिनों कानून और व्यवस्था के दोहरे मापदंड चर्चा का विषय बने हुए हैं। एक ओर जहां जिला प्रशासन आम नागरिकों और धार्मिक आयोजनों पर अपनी सख्ती का पूरा रौब दिखाता है, वहीं सत्ताधारी दल के राजनीतिक कार्यक्रमों में सारे नियम और कानून ताक पर रख दिए जाते हैं। ताजा मामला गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा द्वारा निकाली गई ‘युवा संकल्प रैली’ का है, जो असल में भाजयुमो के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष रविंद्र तिवारी का स्वागत जुलूस था। इस राजनीतिक आयोजन ने प्रशासन के दोहरे चरित्र को बेनकाब कर दिया है।
नियमों की धज्जियां उड़ाता निकला जुलूस
गुरुवार को निकाली गई यह युवा संकल्प रैली पाँच घर से शुरू होकर विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए भाजपा के नंदन संभागीय कार्यालय पर समाप्त हुई। इस स्वागत जुलूस के दौरान नियमों की जमकर धज्जियां उड़ाई गईं। शहर के अलग-अलग हिस्सों में जगह-जगह बड़े-बड़े डीजे और साउंड बॉक्स सजाए गए, जो तेज आवाज में धड़ल्ले से बज रहे थे। हैरानी की बात यह है कि कुछ दिन पहले ही जिला कलेक्टर द्वारा जिले में प्रतिबंधात्मक आदेश लागू किए गए थे, जिसके तहत किसी भी सार्वजनिक आयोजन और मंच निर्माण के लिए अनुमति लेना अनिवार्य किया गया है।
किसकी अनुमति से सजे मंच और डीजे?
जुलूस के दौरान मुख्य मार्गों पर भव्य स्वागत मंच भी खड़े कर दिए गए। अब सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि क्या ये बड़े-बड़े मंच और कान फोड़ू डीजे बिना किसी अनुमति के लगाए गए थे? यदि अनुमति ली गई थी, तो क्या प्रशासन ने राजनीतिक दबाव में आकर नियमों को ताक पर रख दिया? और यदि अनुमति नहीं थी, तो क्या जिला प्रशासन इन आयोजकों पर कार्रवाई करने की हिम्मत जुटा पाएगा? इन तमाम सवालों पर जिला प्रशासन के जिम्मेदार अधिकारी अभी तक कोई भी स्पष्ट जवाब देने से बचते नजर आ रहे हैं।
नवरात्रि की सख्ती बनाम राजनीतिक छूट
प्रशासन की इस कार्यप्रणाली पर जनता और प्रबुद्ध वर्ग का गुस्सा फूट पड़ा है। लोगों का सवाल है कि आखिर प्रशासन का यह दोहरा चरित्र क्यों है? कुछ समय पहले जब पूरा जबलपुर शहर नवरात्रि के उल्लास और आस्था में डूबा था, तब प्रशासन ने ध्वनि प्रदूषण के नियमों का हवाला देते हुए शहरभर में ताबड़तोड़ कार्रवाई की थी। क्षमता से अधिक डीजे बजाने वालों पर तत्काल एफआईआर दर्ज की गई और साउंड सिस्टम जब्त कर लिए गए थे। लेकिन, जब वही नियम एक राजनीतिक दल के शक्ति प्रदर्शन और स्वागत जुलूस पर लागू करने की बारी आई, तो प्रशासन ‘गूंगी गुड़िया’ बनकर बैठ गया। नवरात्रि में जो डीजे और साउंड सिस्टम ‘अवैध’ मानकर जब्त कर लिए जाते हैं, वे ही साधन किसी नेता के स्वागत में ‘वैध’ कैसे हो जाते हैं?
सोशल मीडिया पर ट्रोल
एक तरफ जहां जमीनी स्तर पर नियमों की धज्जियां उड़ीं, वहीं दूसरी तरफ सोशल मीडिया (खास तौर पर Instagram) पर यह पूरा मामला शहर में चर्चा का मुख्य केंद्र बन गया है। युवा मोर्चा की रैली और उस पर बज रहे कान फोड़ू डीजे के वीडियो धड़ल्ले से वायरल हो रहे हैं। इंस्टाग्राम पर युवा और आम नागरिक इन वीडियोज़ को शेयर कर प्रशासन की जमकर खिल्ली उड़ा रहे हैं।








