पुलिस लाईन्स में एसपी ने किया जनरल परेड का निरीक्षण
परेड में उपस्थित अधिकारी/कर्मचारियों से करवाई स्क्वॉड ड्रिल एवं रस्सा कशी

जबलपुर,यशभारत। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय द्वारा पुलिस लाईन्स स्थित परेड ग्राउंड जनरल परेड का निरीक्षण किया गया। पुलिस अधीक्षक के परेड ग्राउंड पहुंचने पर रक्षित निरीक्षक जय प्रकाश आर्य द्वारा सलामी दी गयी, तत्पश्चात परेड प्रारम्भ हुई। जनरल परेड के बाद एसपी ने परेड पर उपस्थित अधिकारी/कर्मचारियों का निरीक्षण करते हुये अच्छे टर्नाउट वाले कर्मचारियों को पुरूस्कृत किया। इसके बाद प्लाटूनों द्वारा की गयी अलग-अलग ड्रिल तथा आर्म्स ड्रिल एवं यातायात प्लाटून द्वारा की गयी मैनुअल यातायात संकेत ड्रिल को देखा गया, साथ ही अधिकारी/कर्मचारियों से रस्सा कस्सी करवाई गयी।
जनरल परेड में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष गुप्ता,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) अंजना तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह सहित जिले में पदस्थ समस्त राजपत्रित अधिकारी एवं थाना प्रभारी शहर/देहात सहित थानो से लगे 152 अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित थे।







