आरपीएफ ने 311 जीवित कछुओं के साथ कोच अटेंडेंट को किया गिरफ्तार

आरपीएफ ने 311 जीवित कछुओं के साथ कोच अटेंडेंट को किया गिरफ्तार
भोपाल, यशभारत। रेलवे सुरक्षा बल ने पटना-इंदौर एक्सप्रेस में कार्रवाई करते हुए वन्यजीव तस्करी के एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है। टीम ने ट्रेन के एच-1 कोच में तैनात एक अटेंडेंट के पास से 311 दुर्लभ प्रजाति के जीवित कछुए बरामद किए हैं। आरोपी इन कछुओं को दो बैगों में भरकर ले जा रहा था।
जानकारी के अनुसार, आरपीएफ पोस्ट प्रभारी जसराम गुर्जर के निर्देशन में सहायक उप निरीक्षक हेमंत कुमार राजपूत और आरक्षक जॉनी कुमार नियमित गश्त पर थे। संत हिरदाराम नगर स्टेशन के पास ट्रेन संख्या 19314 (पटना-इंदौर एक्सप्रेस) के एच-1 कोच में ड्यूटी कर रहे अटेंडेंट अजय सिंह राजपूत की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। जब टीम ने उसके पास रखे दो बैगों की तलाशी ली, तो आरपीएफ कर्मी भी दंग रह गए। बैग के अंदर भारी संख्या में छोटे-छोटे जीवित कछुए ठूंसे हुए थे।
इंडियन टेंट टर्टल प्रजाति के हैं कछुए
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल भोपाल वन विभाग को सूचित किया गया। वन विभाग के एसडीओ विनोद सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शुरुआती जांच में पुष्टि हुई कि ये ‘इंडियन टेंट टर्टल’ प्रजाति के कछुए हैं। यह प्रजाति वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत संरक्षित श्रेणी में आती है और इनका शिकार या परिवहन पूर्णतः प्रतिबंधित है।
कड़ी धाराओं में केस दर्ज
वन विभाग ने आरोपी अजय सिंह को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की धारा 27 और 39/23 के तहत मामला दर्ज किया है। बरामद किए गए सभी 311 कछुओं को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कर दिया गया है। वही आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि वह ये कछुए कहां से लाया था और इसकी डिलीवरी कहां होनी थी। इस तस्करी के पीछे एक बड़े गिरोह के शामिल होने की आशंका है।







