दीनदयाल-माढ़ोताल मार्ग पर बस ऑपरेटरों की मनमानी पर ब्रेक,यश भारत फॉलोअप
प्रशासन की कार्यवाही का दूसरे दिन दिखा असर

जबलपुर, यशभारत । दीनदयाल इंटर स्टेट बस टर्मिनस से संचालित होने वाली बसों की अव्यवस्थित पार्किंग और सड़कों पर संचालन से लंबे समय से बनी जाम की समस्या पर आखिरकार प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। यशभारत में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद मंगलवार से ट्रैफिक पुलिस और परिवहन विभाग का अमला सक्रिय नजर आया। प्रशासनिक टीम ने सड़कों पर खड़ी होकर यात्रियों को बैठाने वाली बसों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की, जिसके बाद दीनदयाल चौराहा और माढ़ोताल तिराहा क्षेत्र में यातायात व्यवस्था में सुधार देखने को मिला। मुख्य मार्गों पर यातायात सुचारू होने से वाहन चालकों ने राहत की सांस ली।
दरअसल, शहर की बिगड़ी यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए प्रशासन द्वारा पहले ही सख्त निर्णय लिए गए थे। सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि दीनदयाल चौराहे, माढ़ोताल तिराहा और चुंगी नाका जैसे प्रमुख स्थानों पर सड़कों पर बस खड़ी कर यात्रियों को बैठाने पर कार्रवाई की जाएगी। इसके बावजूद लंबे समय तक इन आदेशों की अनदेखी होती रही और बसें खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ाती रहीं।
दीनदयाल बस टर्मिनस से रवाना होने वाली बसों के कारण दीनदयाल चौराहे से लेकर माढ़ोताल की ओर तक लंबा जाम लगना आम बात हो गई थी। सड़क के दोनों ओर खड़े वाहनों के कारण स्थिति और अधिक जटिल हो जाती थी। वहीं कृषि उपज से लदे वाहन, ऑटो, ई-रिक्शा और भारी वाहनों की आवाजाही से पीक ऑवर्स में हालात बेहद खराब हो जाते थे। अतिक्रमण ने समस्या को और बढ़ा दिया था। हालांकि, अब प्रशासन की सख्ती के बाद हालात में सुधार नजर आने लगा है। यदि इसी तरह लगातार कार्रवाई जारी रही, तो शहरवासियों को स्थायी रूप से जाम की समस्या से राहत मिल सकती है।







