उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी से विमान दुर्घटनाग्रस्त, कांगो सेना के दो वरिष्ठ अफसरों समेत 14 की मौत

किंशासा, एजेंसी। कांगो में एक विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से 14 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में कांगो की सेना के दो वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हैं। सेना ने शुक्रवार को हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि विमान में सवार किसी भी व्यक्ति को बचाया नहीं जा सका।
सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल एफोमी एकेंगे के अनुसार, हादसे में लेफ्टिनेंट जनरल मुतोम्बो कातालायी तिएंदे और लेफ्टिनेंट जनरल बाकुमी लिकुलिया की भी मौत हुई है। तिएंदे सैन्य अदालत के प्रमुख थे, जबकि लिकुलिया सशस्त्र बलों में ऑडिटर जनरल के पद पर तैनात थे।
सेना के मुताबिक, दोनों वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा प्रतिनिधिमंडल के 12 सदस्य और विमान के चालक दल के सदस्य भी हादसे में मारे गए। हादसे के बाद इलाके में राहत और जांच की कार्रवाई शुरू की गई। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि विमान दक्षिण-पश्चिमी कांगो के किक्विट शहर से राजधानी किंशासा लौट रहा था। इसी दौरान विमान में तकनीकी खराबी आने की सूचना है। इसके बाद विमान केंगे इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
हादसे के कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। सेना के प्रवक्ता एफोमी एकेंगे ने बताया कि दुर्घटना की जांच शुरू कर दी गई है। कांगो के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के बोर्ड अध्यक्ष ट्रायफॉन किन-कीए मुलुंबा ने भी कहा कि फिलहाल हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं है।
यह हादसा ऐसे समय हुआ है, जब कांगो पहले से ही गंभीर सुरक्षा चुनौतियों से जूझ रहा है। देश के पूर्वी हिस्से में सेना कई सशस्त्र और विद्रोही समूहों के खिलाफ अभियान चला रही है। इनमें एम23 विद्रोही समूह प्रमुख है, जिसने पिछले वर्ष कई बड़े हमलों के बाद पूर्वी कांगो के महत्वपूर्ण इलाकों पर कब्जा किया था।






