चांदनी चौक, पसियाना और बहोराबाग में बिजली चोरी पर बड़ी कार्रवाई
सघन चेकिंग में 150 उपभोक्ताओं पर प्रकरण दर्ज, 15 लाख से अधिक की दंडात्मक राशि के अनंतिम आदेश

सघन चेकिंग में 150 उपभोक्ताओं पर प्रकरण दर्ज, 15 लाख से अधिक की दंडात्मक राशि के अनंतिम आदेश
जबलपुर, यश भारत। शहर के सर्वाधिक लाइन लॉस वाले क्षेत्रों में बिजली चोरी के खिलाफ बिजली विभाग ने गुरुवार को सघन चेकिंग अभियान चलाया। जेसू पूर्व संभाग के अंतर्गत चांदनी चौक, पसियाना, बहोराबाग, मदारटेकरी, स्लॉटर हाउस, चारखंभा और मोतीनाला सहित कई क्षेत्रों में कार्रवाई की गई। कुछ ही घंटों में बिजली चोरी करते पाए गए करीब 150 उपभोक्ताओं के खिलाफ विद्युत अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किए गए। अभियान से पहले विभाग ने तकनीकी समीक्षा के आधार पर बिजली चोरी की आशंका वाले उपभोक्ताओं को चिन्हित किया था। जांच के दौरान अधिकारियों को कई स्थानों पर स्मार्ट मीटर से छेड़छाड़ कर बिजली चोरी किए जाने की जानकारी मिली। खास बात यह रही कि केवल छोटे या मध्यम घर ही नहीं, बल्कि बड़े मकानों में भी बिजली चोरी के मामले सामने आए।
कार्रवाई का नेतृत्व अधीक्षण अभियंता संजय अरोरा ने किया। उनके साथ जेसू पावर हाउस के कार्यपालन अभियंता हरीश गुप्ता सहित शहर के 12 कनिष्ठ अभियंता और सहायक अभियंताओं की टीमें मौके पर मौजूद रहीं। कुछ स्थानों पर कार्रवाई का विरोध करने का प्रयास भी किया गया, लेकिन विभागीय अधिकारियों के सख्त रुख और टीम में महिला अधिकारी-कर्मचारियों की मौजूदगी के कारण कार्रवाई जारी रही।
इस बार विभाग ने बिजली चोरी के मामलों में तत्काल कार्रवाई की। चोरी में लिप्त उपभोक्ताओं के कनेक्शन विद्युत अधिनियम के प्रावधानों के तहत काटे गए। इसके लिए दो अतिरिक्त गैंग भी मौके पर लगाए गए, जिन्होंने पोल से बिजली लाइन काटने की कार्रवाई की। विभाग का कहना है कि इससे चोरी के मामलों में तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की गई है।अधिकारियों के अनुसार, पूर्व में पंचनामा बनाने और बिजली चोरी के प्रकरण दर्ज करने के बाद भी कई मामलों में कार्रवाई का अपेक्षित असर नहीं होता था। इस बार सभी पंचनामों के आधार पर तत्काल बिलिंग की गई और बिजली चोरी में संलिप्त उपभोक्ताओं के खिलाफ करीब 15 लाख रुपये से अधिक की दंडात्मक राशि के अनंतिम निर्धारण आदेश जारी किए गए।







