ओमती थाना क्षेत्र हत्याकांड का खुलासा: चाकू से गोदकर हत्या करने वाला आरोपी ‘गोलू’ गिरफ्तार

जबलपुर यश भारत । ओमती थाना क्षेत्र में कुछ दिनों पहले हुई महिला की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हत्या के आरोपी गोलू उर्फ कुलदीप यादव को गिरफ्तार कर लिया है।
ओमती थाना प्रभारी राजपाल सिंह बघेल ने बताया कि घटना के दिन से ही आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई थीं, जिन्होंने विभिन्न राज्यों तक पहुँचकर गहन छानबीन की।
मदन महल स्टेशन से दबोचा गया आरोपी
शनिवार की शाम को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी मदन महल स्टेशन पर मौजूद है और कहीं भागने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने तुरंत घेराबंदी की और आरोपी गोलू उर्फ कुलदीप यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद उसका पैदल जुलूस निकाला ।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है ताकि हत्या के पीछे की वजह और अन्य संभावित जानकारियों का खुलासा हो सके।







