1 अक्टूबर से स्पीड पोस्ट के नए शुल्क हो जाएंगे लागू,
50 ग्राम तक का सामान पोस्ट करवाने के लिए ये चार्ज

1 अक्टूबर से स्पीड पोस्ट के नए शुल्क हो जाएंगे लागू,
अक्सर लोग कूरियर पहुँचाने के लिए निजी कंपनियों की बजाय भारतीय डाक की स्पीड पोस्ट का इस्तेमाल करते हैं। इसका कारण है कि यह ज्यादा फायदेमंद होता है और ऑथेंटिक भी होता है। लेकिन अब अगर आप भी उन्हीं में से एक हैं जो इसका इस्तेमाल करते हैं तो आपके लिए यह खबर बेहद काम की है। दरअसल, 1 अक्टूबर से स्पीड पोस्ट के नए शुल्क लागू हो जाएंगे। डाक विभाग द्वारा स्पीड पोस्ट के जरिए भेजने वाले दस्तावेजों के शुल्क में बदलाव किए गए हैं। बुधवार 1 अक्टूबर से इन्हें लागू कर दिया जाएगा, जिसके चलते अब आपको भारतीय डाकघर से स्पीड पोस्ट करने में अधिक खर्च करना होगा।
न सिर्फ अब आपको अधिक खर्च करना होगा बल्कि भारतीय डाक द्वारा कुछ नियमों में भी बदलाव किया गया है और कुछ नए फीचर्स जोड़े गए हैं। अब डिलीवरी ओटीपी आधारित होने वाली है। इसके अलावा रियल टाइम ट्रैकिंग और ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा भी मिलने वाली है, यानी अब स्पीड पोस्ट करना और भी सुरक्षित हो जाएगा। हालांकि इसके लिए अब आपको कुछ पैसे ज्यादा देने होंगे। चलिए जानते हैं नए चार्ज कितने हैं।
50 ग्राम तक का सामान पोस्ट करवाने के लिए ये चार्ज
बता दें कि अगर आप 50 ग्राम तक का सामान पोस्ट करवाने का निर्णय लेते हैं तो अब आपको स्पीड पोस्ट के लिए 19 रुपए का शुल्क देना होगा। इस नियम को 1 अक्टूबर से लागू कर दिया जाएगा। जबकि 50 ग्राम से ढाई सौ ग्राम तक के सामान को स्पीड पोस्ट करने के लिए अब आपको 24 रुपए का खर्च करना होगा। और अगर आपका सामान ढाई सौ ग्राम से 500 ग्राम तक का है तो इसके लिए आपको 28 रुपए का शुल्क देना होगा।
200 किलोमीटर दूरी पर सामान पोस्ट करवाने के लिए ये चार्ज
इसके अलावा दूरी के हिसाब से भी भारतीय डाकघर ने खर्च तय किया है। जानकारी दे दें कि अगर आपके सामान की पहुँचने की दूरी 200 किलोमीटर से 2000 किलोमीटर तक की है तो 50 ग्राम के सामान को भेजने के लिए अब 47 रुपए का शुल्क देना पड़ेगा। इसके अलावा अगर सामान का वजन 51 ग्राम से ढाई सौ ग्राम तक है और दूरी 200 किलोमीटर से ज्यादा है तो आपको 59 से 77 रुपए तक का चार्ज देना पड़ेगा। और अगर 251 से 500 ग्राम तक का सामान आपको भेजना है और दूरी 200 किलोमीटर से ज्यादा है तो आपको 70 से 90 रुपए तक का शुल्क देना पड़ेगा। यह सिर्फ डाकघर का शुल्क है, इसके अलावा इसमें जीएसटी और अन्य शुल्क भी जुड़ेंगे।
छात्रों को मिलेगा बड़ा फायदा
हालांकि अगर आप छात्र हैं तो आपके लिए एक बड़ी खुशखबरी है। छात्रों को भारतीय डाकघर द्वारा स्पीड पोस्ट की सेवाओं में काफी फायदा दिया गया है। स्पीड पोस्ट शुल्क पर अब छात्रों को 10% की छूट शुरू की गई है। आप कस्टमर रजिस्ट्रेशन सर्विस के जरिए अब कहीं भी स्पीड पोस्ट कर सकते हैं। बता दें कि यह भारतीय डाकघर की सुविधा है, जिसमें आपके दस्तावेज और पार्सल दोनों ही सुरक्षित रहते हैं। इसके अलावा अब वन टाइम पासवर्ड डिलीवरी सर्विस के लिए भी हर एक स्पीड पोस्ट आइटम पर 5 रुपए का शुल्क लिया जाएगा। इसके अलावा आपको जीएसटी भी देना पड़ेगा।






