नर्मदापुरम कलेक्टर ने किया श्रमदान, विवेकानंद घाट पर चलाया स्वच्छता अभियान

नर्मदापुरम कलेक्टर ने किया श्रमदान, विवेकानंद घाट पर चलाया स्वच्छता अभियान
यश भारत भोपाल। सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत जिले में स्वच्छता को लेकर चल रहे अभियान को गति देते हुए कलेक्टर सोनिया मीना ने बुधवार को विवेकानंद घाट पर स्वयं श्रमदान कर मिसाल पेश की। उन्होंने जिले के अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर एक घंटे तक घाट परिसर में सफाई अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने न केवल खुद झाड़ू उठाई, बल्कि उपस्थित सभी लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने और दूसरों को भी प्रेरित करने का संदेश दिया।

कलेक्टर ने घाट क्षेत्र के सभी हिस्सों का निरीक्षण करते हुए चल रही सफाई गतिविधियों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने सफाई मित्रों और नगर पालिका कर्मियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि “स्वच्छता केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी से सफल होने वाला अभियान है। हर नागरिक को स्वच्छता को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए।”

कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्वयंसेवी संस्थाएं और बड़ी संख्या में आमजन भी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर विवेकानंद घाट परिसर से प्लास्टिक, गंदगी और अन्य अपशिष्ट सामग्री हटाई। उपस्थित नागरिकों ने भी कलेक्टर की पहल की सराहना करते हुए कहा कि वरिष्ठ अधिकारी जब स्वयं आगे आकर श्रमदान करते हैं तो जनता में भी सकारात्मक संदेश जाता है।
कलेक्टर ने इस मौके पर सफाई कर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि उनकी मेहनत से ही शहर साफ-सुथरा और सुंदर बना रहता है। उन्होंने उपस्थित जनों को अपील की कि गंदगी न फैलाएं, एकल-उपयोग प्लास्टिक से बचें और कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें।
सेवा पखवाड़ा के तहत चलाए जा रहे इस अभियान को जिले के अन्य इलाकों में भी आगे बढ़ाने की योजना है। प्रशासन का उद्देश्य है कि न केवल सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखा जाए बल्कि लोगों की आदतों में भी स्वच्छता को शामिल किया जाए।







