भोपाल
भोपाल में मानसून ने दिखाई रफ्तार, झमाझम बारिश से जनजीवन प्रभावित

भोपाल में मानसून ने दिखाई रफ्तार, झमाझम बारिश से जनजीवन प्रभावित

भोपाल, यश भारत । राजधानी भोपाल में गुरुवार को मानसून ने जोरदार दस्तक देते हुए शहर को जमकर भिगोया। दोपहर बाद शुरू हुई तेज बारिश ने कुछ ही देर में मौसम को सुहावना बना दिया, लेकिन कई इलाकों में जलभराव और यातायात अव्यवस्था की स्थिति भी पैदा हो गई। प्रमुख सड़कों पर पानी भरने से वाहन चालकों को धीमी गति से सफर करना पड़ा, जबकि कई स्थानों पर लंबा जाम लग गया। सागर रोड, मालवीय नगर, इंदिरा नगर, एमपी नगर सहित कई क्षेत्रों में बारिश का पानी सड़कों पर जमा हो गया। निचले इलाकों में पानी भरने से स्थानीय रहवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को भी जलभराव के कारण काफी दिक्कत हुई। बारिश के चलते शहर के तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को उमस से राहत मिली। हालांकि अचानक हुई तेज वर्षा ने नगर निगम की जल निकासी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए। कई स्थानों पर नालियों का पानी सड़कों पर बहता दिखाई दिया। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दिनों में भी भोपाल और आसपास के क्षेत्रों में मध्यम से तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। प्रशासन ने नागरिकों से जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने और आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की अपील की है।







