चाकू अड़ाकर उवेर चालक से मोबाइल और बाइक लूटी -घूमने निकले बीटेक छात्र से लुटेरों ने मोबाइल छीना

चाकू अड़ाकर उवेर चालक से मोबाइल और बाइक लूटी
-घूमने निकले बीटेक छात्र से लुटेरों ने मोबाइल छीना
भोपाल यशभारत।
गौतम नगर इलाके में बाइक सवार दो बदमाशों ने सुनसान स्थान पर उवेर बाइक चालक से चाकू आड़ा कर बाइक व मोबाइल लूट लिया। इसी तरह टीटी नगर इलाके में बाइक सवार लुटेरों ने मैनिट के बीटेक छात्र से मोबाइल छीन लिया। पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
थाना पुलिस के मुताबिक मूलत: ग्राम सीखली रेहत जिला बैतूल निवासी मौजीलाल पुत्र साहब लाल(25) उवेर बाइक चालक है और शहंशाह गार्डन अशोका गार्डन में किराए के मकान में रहता है। कल रात करीब ग्यारह बजे उसे करोंद मंडी के पास की बुकिंग मिली थी। इस कारण वह अपनी बाइक से पेसेंजर को लेने के लिए करोंद मंडी की ओर जा रहा था। जब वह रेश्म केंद्र के पास सुनसान स्थान पर पेशाब करने के लिए रूका। तभी पीछे से बाइक सवार दो अज्ञात बदमाश उसके पास पहुंचे और चाकूू अड़ा कर बाइक की चाबी छीनी और जेब में रखा मोबाइल लूट लिया। इसके बाद दोनों बदमाश फरियादी की बाइक और मोबाइल लेकर फरार हो गए। लूट की वारदात के बाद फरियादी डर के कारण घर चला गया। जहां से कल शाम थाने पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ लूटपाट का केस दर्ज कराया है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की तलाश कर रही है।
छात्र से हाथ से मोबाइल लूटा-
टीटी नगर थाना के हेडकांस्टेबल नदीम खान ने बताया कि इंदौर निवासी तन्मय पुत्र गिरीशा(20) मैनिट में बीटेक फायनल इयर का छात्र है। वह मैनिट कैम्पस स्थित हॉस्टल में रहता है। बुधवार की रात करीब सवा ग्यारह बजे वह अपने दोस्त सिंधूराज के साथ एक्टिवा से घूमने के लिए निकला था। एक्टिवा सिंधूराज चला रहा था और तन्मय पीछे बैठ कर मोबाइल पर किसी से बात कर रहा था। जैसे ही वह नानके पेट्रोल पंप के पास पहुंचे। तभी पीछे से बाइक पर सवार होकर आए दो बदमाशों ने छात्र तन्मय के हाथ से मोबाइल छीना और एमपी नगर की ओर तेजी से बाइक चलाकर फरार हो गए। लूट की वारदात के बाद दोनों छात्र हॉस्टल पहुंचे।
मोबाइल की लोकेशन ट्रैक करते रहे-
वारादत के बाद से फरियादी तन्मय और उसका दोस्त अपने स्तर पर मोबाइल की लोकेशन ट्रैक करते रहे। इस दौरान छात्र ने अपने परिजनों को भी घटना के बारे में नहीं बताया था। जब मोबाइल ट्रैक नहीं हुआ तो छात्र ने अपने कारोबारी पिता को पूरी बात बताई। पिता के कहने पर छात्र ने कल थाने पहुंच कर बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। पुलिस घटना स्थल और आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।






