
नरसिंहपुर,यश भारत। नरसिंहपुर जिले के एनएच-45 पर सरसला गांव के पास रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जहां एक अज्ञात वाहन की टक्कर से 35 वर्षीय बाइक सवार सुरेंद्र ठाकुर (निवासी रामखिरिया) गंभीर रूप से घायल हो गए। सिर में गंभीर चोट आने के कारण पीड़ित सड़क पर बेसुध पड़ा हुआ था।
घटना की सूचना स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत डायल-100 को दी और एम्बुलेंस का इंतजार करने लगे। इसी दौरान राज्यसभा सांसद विवेक तंखा का काफिला वहां से गुजर रहा था। सड़क किनारे घायल युवक को तड़पते देख सांसद ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तुरंत अपना काफिला रुकवा दिया। मौके पर यशभारत के संस्थापक आशीष शुक्ला भी मौजूद थे। उन्होंने साथियों के साथ मिलकर घायल के सिर पर कपड़ा बंधवाया व अस्पताल भेजने में भरपूर मदद की ।

आपातकालीन वाहन के आने का इंतजार किए बिना, सांसद विवेक तंखा ने त्वरित निर्णय लेते हुए अपनी पुलिस फॉलो गाड़ी से घायल सुरेंद्र को रोसरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने तुरंत प्राथमिक उपचार शुरू कर दिया। सांसद की इस सहृदयता और समय पर उठाए गए कदम की स्थानीय निवासियों ने जमकर सराहना की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।







