
सत्य निकेतन में पांच मंजिला इमारत ढही, एक छात्र की मौत
नई दिल्ली, यश भारत। राजधानी दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार दोपहर बारिश के बीच एक पांच मंजिला इमारत अचानक भरभराकर ढह गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मलबे में 30 से 40 लोगों के दबे होने की आशंका जताई गई है। राहत और बचाव अभियान के दौरान पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि एक छात्र की मौत की पुष्टि हुई है।
हादसे की सूचना मिलने के बाद दिल्ली पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और तत्काल राहत-बचाव अभियान शुरू किया। एनडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं को घटनास्थल पर तैनात किया गया है। पास स्थित आईटीबीपी कैंप से भी जवानों को बचाव कार्य में लगाया गया है। जानकारी के अनुसार दमकल विभाग को दोपहर करीब 1:30 बजे नानकपुरा गुरुद्वारे के पास पांच मंजिला इमारत गिरने की सूचना मिली थी। शुरुआती जांच में सामने आया कि करीब 80 गज क्षेत्र में बनी इस इमारत के बेसमेंट में काम चल रहा था। इमारत में पीजी भी संचालित होने की जानकारी सामने आई है।बताया जा रहा है कि इमारत के एक पिलर में समस्या आने के बाद अचानक पूरा ढांचा ढह गया। हादसे के समय इमारत में मौजूद लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका के चलते बचाव अभियान तेज किया गया। स्थानीय लोगों और छात्रों ने भी पुलिस तथा दमकल टीमों के साथ राहत कार्य में सहयोग किया।
हादसे में घायल चार लोगों को एम्स ट्रॉमा सेंटर लाया गया। इनमें दो की हालत गंभीर बताई गई है। एक घायल बचावकर्मी बताया गया, जिसे उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। वहीं एक व्यक्ति को अस्पताल में मृत अवस्था में लाया गया।घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय विधायक अनिल शर्मा मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से हादसे की जानकारी ली। इसके बाद महापौर प्रवेश वाही ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है तथा मलबे में फंसे लोगों की तलाश की जा रही है। इमारत के गिरने के वास्तविक कारणों और सुरक्षा मानकों से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है।







