मध्य प्रदेशराज्य

बहू की कुल्हाड़ी से हत्या करने वाला आरोपी जेठ गिरफ्तार : दुष्कर्म का प्रयास विफल होने पर वारदात को दिया अंजाम

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के घंसौर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खजरी में नवविवाहिता की कुल्हाड़ी मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी जेठ को गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार को आरोपी अब्बू मरकाम को पुलिस ने पकड़ लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने महिला के साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया था और विरोध करने पर उसने कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी।

जानकारी के अनुसार ग्राम खजरी निवासी सरिता मरकाम (23) का विवाह 10 मई को बबलू मरकाम के साथ हुआ था। विवाह के कुछ ही दिनों बाद यह दर्दनाक घटना सामने आई। मृतिका के पति बबलू मरकाम ने पुलिस को दी सूचना में बताया कि उसका बड़ा भाई अब्बू मरकाम उसकी पत्नी पर गलत नजर रखता था और लंबे समय से उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास कर रहा था। शुक्रवार सुबह आरोपी ने फिर महिला के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। महिला द्वारा विरोध करने पर आरोपी ने गुस्से में आकर धारदार कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया था।

घटना की सूचना मिलते ही घंसौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। वहीं घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर आरोपी की तलाश शुरू की गई। पुलिस टीम ने लगातार दबिश देकर शनिवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

घंसौर थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह झारिया ने बताया कि मृतिका के पति की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामला दर्ज हो चुका है, जिसमें उसे जेल की सजा भी हो चुकी है।

पुलिस की प्राथमिक जांच में आरोपी के मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की बात भी सामने आई है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मेडिकल और अन्य जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button