मध्य प्रदेशराज्य

सागर शराब त्रासदी : सस्ती शराब बनी जानलेवा:12 की जान गई, आबकारी एक्ट और BNS की गंभीर धाराओं में 20 आरोपियों पर दर्ज हुआ मामला… देखें पूरा वीडियो

 

सागर,यशभारत – मध्य प्रदेश के सागर जिले के बण्डा थाना क्षेत्र में अमानक और जहरीली देसी शराब पीने से बड़ा हादसा हो गया है। ‘सागर गोल्ड’ ब्रांड नाम से बेची गई इस अवैध शराब के सेवन से आधिकारिक तौर पर 12 ग्रामीणों की दर्दनाक मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य लोगों का गंभीर हालत में अस्पताल में इलाज जारी है। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

70 रुपये में दी गई थी मौत की गारंटी

नौराज गांव के शिकायतकर्ता अनूप सिंह लोधी (52) के अनुसार, उनके गांव में अवैध रूप से शराब बेचने वाले जुझार लोधी ने 4 सितंबर की शाम उनके 25 वर्षीय भतीजे राजेन्द्र लोधी को बाजार से 20 रुपये सस्ती (70 रुपये में) ‘सागर गोल्ड’ ब्रांड की देसी शराब बेची। जहरीली होने के संदेह पर आरोपी जुझार ने आश्वासन दिया था कि यह शराब लाइसेंसी ठेकेदारों द्वारा नए फॉर्मूले से तैयार करवाई गई है। शराब पीने के कुछ ही घंटों बाद राजेन्द्र की हालत बिगड़ी और सागर में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसी तरह नौराज और आसपास के अन्य गांवों के ग्रामीणों की भी एक-एक कर मौत हो गई।

 

जांच में सामने आया है कि बरेठी के लाइसेंसी शराब ठेकेदार और उनके साथियों ने मिलकर इस जहरीली शराब के नेटवर्क को फैलाया था। पुलिस ने मामले में मुख्य सप्लायरों, स्थानीय विक्रेताओं और परिवहन करने वाले पूरे सिंडिकेट पर शिकंजा कसा है।

20 आरोपियों पर दर्ज हुआ मामला:

मुख्य सप्लायर व निर्माणकर्ता: यशवंत सिंह (लाइसेंसी शराब ठेकेदार, बरेठी), मनीष लोधी और आशीष साहू (निवासी बण्डा)।

स्थानीय अवैध विक्रेता: जुझार लोधी, दिनेश लोधी, सौरभ लोधी, गोविन्द लोधी और मनोहर लोधी (निवासी नौराज)।

परिवहन व सप्लाई नेटवर्क: आकाश राय, सत्यम, आशाराम, अरविन्द, रोहित लोधी, माखन (सभी निवासी सागर), रहीम खान (मड़ावरा, ललितपुर), रविन्द्र सिंह (बसगोई, टीकमगढ़) और अनिकेत गंधर्व (मकरोनिया, सागर)।

अवैध कारोबार में सहयोगी: मंगल रजक, विशाल लोधी (गूगरा खुर्द) और राजा (गूगरा)।

कड़ी कानूनी कार्यवाही

मामले की गंभीरता को देखते हुए बण्डा पुलिस ने सभी 20 आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 105 (गैर-इरादतन हत्या), 123, 3(5) (सामान्य आशय) तथा म.प्र. आबकारी अधिनियम की सख्त धारा 49A के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस प्रशासन ने आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी और नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए बड़े पैमाने पर कार्रवाई शुरू कर दी है।

“अब तक 10 से 12 संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनसे कड़ाई से पूछताछ जारी है।

हम अवैध शराब की इस पूरी सप्लाई चेन और इसके मुख्य सोर्स (Main Source) तक पहुँचने के लिए लगातार छापेमारी कर रहे हैं। इस जघन्य अपराध में शामिल किसी भी आरोपी या इसे संरक्षण देने वाले व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।”- *अनुराग सुजानिया पुलिस अधीक्षक (SP) सागर।*

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button