प्रशासन को चकमा देकर नाबालिग की शादी, मार्कशीट ने खोली पोल; पिता और दूल्हे पर एफआईआर

प्रशासन को चकमा देकर नाबालिग की शादी, मार्कशीट ने खोली पोल; पिता और दूल्हे पर एफआईआर
भोपाल, यशभारत। राजधानी में बाल विवाह का एक मामला सामने आया है, जहां प्रशासन की टीम को गुमराह कर परिजनों ने अपनी 15 वर्षीय नाबालिग बेटी की शादी गुपचुप तरीके से गांव ले जाकर कर दी। परिजनों ने अधिकारियों को धोखा देने के लिए बड़ी बेटी का सहारा लिया और दस्तावेजों से छेड़छाड़ की, लेकिन वायरल वीडियो और स्कूल की मार्कशीट ने उनकी पूरी पोल खोल दी। पुलिस ने दूल्हे और लड़की के पिता समेत अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
गांव ले जाकर रचाई शादी, अधिकारियों को दिखाया दूसरी बेटी का चेहरा
जानकारी के अनुसार, बाणगंगा क्षेत्र के एक परिवार में नाबालिग बेटी की शादी तय होने की सूचना बाल संरक्षण विभाग और प्रशासनिक टीम को मिली थी। टीम ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाइश दी और कानून का हवाला दिया। उस समय परिजनों ने शादी न करने का भरोसा दिलाया, लेकिन अंदर ही अंदर साजिश रच दी। वे प्रशासन की नजरों से बचने के लिए पूरी बारात लेकर कजलीखेड़ा गांव चले गए और वहां शादी की रस्में पूरी कीं।
ऐसे हुआ मामले का खुलासा
जब टीम दोबारा जांच के लिए पहुंची, तो परिजनों ने अधिकारियों को गुमराह करने के लिए बड़ी बेटी को पेश कर दिया और दावा किया कि शादी नाबालिग की नहीं, बल्कि बड़ी बेटी की हुई है। हालांकि, जांच टीम के हाथ शादी का एक वीडियो लग गया, जिसमें नाबालिग लड़की साफ तौर पर जयमाला की रस्म निभाते हुए नजर आ रही थी।
मार्कशीट से हुआ उम्र का सत्यापन
प्रशासन ने जब सख्ती से दस्तावेजों की जांच की, तो स्कूल की मार्कशीट सामने आई। मार्कशीट के अनुसार, लड़की की उम्र मात्र 15 साल 10 महीने पाई गई। इसके बाद प्रशासन ने तुरंत पुलिस को इसकी शिकायत की। पुलिस ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए लड़की के पिता और दुल्हे के साथ दुल्हे के पिता पर कार्रवाई की है।







