जबलपुरमध्य प्रदेश

कांबिंग गश्त में गढ़ा पुलिस की बड़ी सफलता: वर्षों से फरार 24 स्थायी वारंटी गिरफ्तार, जिले में रही अव्वल

जबलपुर। अपराधों पर अंकुश लगाने और कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक कांबिंग गश्त अभियान चलाया गया। इस दौरान गढ़ा थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए वर्षों से फरार चल रहे 24 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा 2 गिरफ्तारी वारंट और 6 जमानती वारंट भी तामील किए गए।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 9 मई की रात 9 बजे से 10 मई की रात 2 बजे तक जिलेभर में विशेष कांबिंग गश्त अभियान चलाया गया। इस अभियान में सभी नगर पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी, थाना प्रभारियों और पुलिस स्टाफ ने अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय बदमाशों, फरार आरोपियों और वारंटियों की तलाश में दबिश दी।

इसी क्रम में प्रसन्न शर्मा के नेतृत्व में गढ़ा थाना पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित कर शहर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार कार्रवाई की। टीमों ने कई स्थानों पर दबिश देकर लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहे वारंटियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक गिरफ्तार किए गए अधिकांश आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे और उनके खिलाफ न्यायालय से स्थायी वारंट जारी थे। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।
खास बात यह रही कि इस अभियान में गढ़ा थाना पूरे जिले में सबसे आगे रहा। पुलिस विभाग के अनुसार पिछली कांबिंग गश्त में भी गढ़ा थाना वारंट तामीली के मामले में अव्वल रहा था।

थाना प्रभारी प्रसन्न शर्मा ने बताया कि यह सफलता पुलिस टीम की लगातार मेहनत और योजनाबद्ध कार्रवाई का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जनता में सुरक्षा की भावना बनाए रखना और अपराधियों पर सख्ती करना पुलिस की प्राथमिकता है।
पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी इस तरह के विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि जिले में अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button