सिस्टम की “सर्जरी” : एक कॉल… देर से आई एंबुलेंस और लग गया 2.23 लाख का जुर्माना! जानें क्या हैं पूरा मामला….

दमोह। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के लिए कलेक्टर प्रताप नारायण यादव द्वारा लगातार आकस्मिक निरीक्षण किए जा रहे हैं। इसी क्रम में एंबुलेंस सेवा में लापरवाही के एक मामले में संबंधित के विरुद्ध ₹2,23,819 का अर्थदंड लगाया गया है।
कलेक्टर श्री यादव ने बताया कि पिपरिया मिसर गांव निवासी रोशनी बाई लोधी, पति टंडन लोधी द्वारा एंबुलेंस के लिए कॉल किया गया था। एंबुलेंस के विलंब से पहुंचने के कारण उन्हें असुविधा का सामना करना पड़ा। मामले की रिपोर्ट भोपाल स्वास्थ्य विभाग को भेजी गई थी, जिसके आधार पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की गई और ₹2,23,819 का अर्थदंड आरोपित किया गया है।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों एवं सेवा प्रदाताओं को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही की पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए। आमजन को स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त करने में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही सामने आने पर आगे भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने कहा कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए लगातार आकस्मिक निरीक्षण किए जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि अस्पताल निर्धारित समय पर खुलें, डॉक्टर एवं स्टाफ समय पर उपस्थित रहें तथा जरूरतमंद मरीजों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हों।
इसके साथ ही अस्पतालों में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। प्रशासन का उद्देश्य है कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में आने वाले मरीजों को उपचार, दवा और आवश्यक सेवाएं समय पर मिलें तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।







