विश्व पर्यावरण दिवस पर व्याख्यान, छात्राओं ने किया कदम्ब वृक्षारोपण

जबलपुर, यश भारत। शासकीय मानकुँवर बाई कला एवं वाणिज्य स्वशासी महिला महाविद्यालय में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भूगोल विभाग द्वारा व्याख्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्राचार्य डॉ. स्मृति शुक्ल के संरक्षण एवं विभागाध्यक्ष डॉ. ब्रम्हानंद त्रिपाठी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में डॉ. ब्रम्हानंद त्रिपाठी ने पर्यावरण प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों पर प्रकाश डालते हुए सार्वजनिक परिवहन और ई-वाहनों के अधिक उपयोग पर जोर दिया। प्राचार्य डॉ. स्मृति शुक्ल ने जल संरक्षण, वृक्षारोपण और प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। मुख्य वक्ता डॉ. अनीता उपाध्याय ने अपशिष्ट प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर व्याख्यान दिया। वहीं डॉ. सुनीता मिश्रा ने संविधान में वर्णित पर्यावरण संबंधी नागरिक कर्तव्यों की जानकारी दी।

कार्यक्रम में शोधार्थी शिवम् सूर्यवंशी एवं छात्रा रूचि यादव ने भी अपने विचार व्यक्त किए। संचालन डॉ. बसंती अग्रवाल तथा आभार प्रदर्शन डॉ. हर्षा सिसोदिया ने किया। कार्यक्रम के बाद छात्राओं ने कदम्ब वृक्ष का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।







