
जबलपुर, यश भारत। थाना बरेला की गौर चौकी अंतर्गत ग्राम उमरिया में शुक्रवार सुबह नरकंकाल मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया। जांच के दौरान मौके से लगभग पूरा नरकंकाल बरामद हुआ। कंकाल में पैंट जैसा कपड़ा भी फंसा हुआ बताया गया है।
पुलिस ने आसपास के गांवों के लोगों को मौके पर बुलाकर कंकाल की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन फिलहाल पहचान स्थापित नहीं हो सकी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर नरकंकाल को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद कंकाल की उम्र, लिंग और अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों की जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जिले के विभिन्न थानों से गुम इंसानों की जानकारी जुटाई जा रही है। इसके अलावा अन्य स्रोतों से भी नरकंकाल की पहचान और उससे जुड़े तथ्यों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पहचान स्थापित होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मृतक के साथ क्या घटना हुई थी और कंकाल वहां कितने समय से पड़ा था।







