मध्य प्रदेशराज्य

दिव्यांग ने बिजली कर्मचारी को किया शूट : एक पैर पर भागा आरोपी – घटना CCTV में कैद, कृत्रिम पैर मौके पर मिला

Table of Contents

सतना। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां बिजली विभाग के कर्मचारी को एक दिव्यांग युवक ने गोली मार दी। वारदात के बाद आरोपी एक पैर के सहारे ही घटनास्थल से फरार हो गया। पूरी घटना अंडरपास और आसपास के CCTV कैमरों में कैद हो चुकी है।

घटना कैसे हुई

जानकारी के अनुसार 60 वर्षीय रामनरेश वर्मन, जो बिजली विभाग में चपरासी हैं, ड्यूटी खत्म कर रेलवे स्टेशन की ओर जा रहे थे। इसी दौरान प्रेम नगर अंडरपास के ऊपर रेलवे लाइन किनारे अचानक एक दिव्यांग युवक ने करीब आकर कट्टे से उन पर गोली दाग दी। गोली सीधे उनके सीने में लगी, लेकिन घायल रामनरेश ने हिम्मत नहीं हारी और हमलावर को पकड़ने का प्रयास किया।

एक पैर पर ही फरार हुआ आरोपी

लोगों को उम्मीद थी कि आरोपी कृत्रिम पैर के बिना भाग नहीं पाएगा, लेकिन युवक अंधेरे का फायदा उठाकर एक पैर के सहारे ही तेजी से फरार हो गया। बाद में जब पुलिस ने CCTV फुटेज खंगाले, तो आरोपी अंडरपास की सीढ़ियों से उतरते हुए और सड़क की ओर बढ़ते हुए दिखाई दिया।

राहगीरों से मांगी लिफ्ट

जांच में पता चला है कि आरोपी ने भागते समय कई राहगीरों से लिफ्ट मांगने की कोशिश की। उसने एक बाइक सवार और एक ऑटो चालक को रोका, लेकिन जब लोगों ने देखा कि उसका एक पैर नहीं है, तो उन्होंने उसे साथ ले जाने से इनकार कर दिया।

मौके पर मिला कृत्रिम पैर, ‘राजेंद्र’ नाम लिखा

पुलिस को घटनास्थल से एक कृत्रिम पैर मिला है, जिस पर ‘राजेंद्र’ नाम अंकित है। इसी आधार पर टीम धवारी, राजेंद्रनगर और आसपास के इलाके में दिव्यांग व्यक्तियों से पूछताछ कर रही है।

पुलिस की कई टीमें जुटीं

सीएसपी देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी की पहचान और लोकेशन का पता लगाने के लिए कई टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही मामले का खुलासा होने की उम्मीद है।

घायल की हालत स्थिर

गोली लगने के बाद भी रामनरेश खुद पैदल सिटी कोतवाली पहुंचे। पुलिस ने उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button