भोपालमध्य प्रदेश

लव जिहाद के शक में होटल में जबरन तलाशी, हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं पर FIR दर्ज

लव जिहाद के शक में होटल में जबरन तलाशी, हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं पर FIR दर्ज

भोपाल, यशभारत। राजधानी के कोतवाली थाना क्षेत्र में लव जिहाद के संदेह में एक होटल में घुसकर हंगामा करने और जबरन कमरों की तलाशी लेने का मामला सामने आया है। पुलिस ने होटल संचालक की शिकायत पर हिंदू संगठन से जुड़े भानु हिंदू और रावी समेत 10 से 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बिना अनुमति कमरों में घुसे, सामान किया अस्त-व्यस्त
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना मारवाड़ी रोड स्थित श्री बालाजी होटल की है। होटल संचालक राजकुमार वर्मा ने अपनी शिकायत में बताया कि 18 मई की शाम करीब 4 बजे वे होटल पर मौजूद नहीं थे। इसी दौरान भानु हिंदू और रावी अपने एक दर्जन से अधिक साथियों के साथ होटल पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने वहां मौजूद कर्मचारियों से कहा कि होटल के एक कमरे में कोई मुस्लिम युवक किसी हिंदू महिला के साथ रुका हुआ है।

होटल स्टाफ ने जब उनसे तलाशी लेने के अधिकार या किसी वारंट के बारे में पूछा, तो आरोपी जबरन अंदर घुस गए और कमरों की जांच करने लगे। इस दौरान उन्होंने होटल का सामान भी अस्त-व्यस्त कर दिया।

हंगामे के बाद भी नहीं मिला कुछ आपत्तिजनक
होटल के खुले कमरों की पूरी तरह से तलाशी लेने के बाद भी कार्यकर्ताओं को वहां कोई आपत्तिजनक जोड़ा या सामग्री नहीं मिली। इस बीच, होटल के बाहर भारी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे इलाके में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई थी।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू
होटल संचालक राजकुमार वर्मा का कहना है कि इस पूरी घटना से समाज में उनके होटल की छवि और उनकी व्यक्तिगत प्रतिष्ठा को गहरा धक्का लगा है। संचालक ने कोतवाली थाना पुलिस को घटना के पुख्ता सबूत के तौर पर होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सौंप दी है। पुलिस ने शिकायत और फुटेज के आधार पर आरोपियों के खिलाफ नामजद केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button