स्मार्ट मीटर से उपभोक्ताओं को 20% सस्ती बिजली मिलेगी : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

जबलपुर, यश भारत। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में सभी घरों में स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे, जिससे उपभोक्ताओं को 20 प्रतिशत तक सस्ती दर पर बिजली मिलेगी। मुख्यमंत्री निवास में आयोजित ऊर्जा विभाग की समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर से उपभोक्ता अपनी बिजली खपत का आकलन कर सकेंगे और बिल पर नियंत्रण पा सकेंगे। उन्होंने निर्देश दिए कि स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।
बैठक में बताया गया कि प्रदेश में 1.34 करोड़ घरेलू स्मार्ट मीटर लगाने का लक्ष्य है, जिसमें से 21 लाख से अधिक मीटर लगाए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने मई-जून में हुई बिजली कटौती का उल्लेख करते हुए साल भर मेंटनेंस गतिविधियाँ चलाने और नई तकनीक अपनाने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्युत उपभोक्ताओं को सोलर ऊर्जा के लिए प्रेरित किया जाए। इससे उपभोक्ता खुद बिजली पैदा कर अतिरिक्त बिजली बेच भी सकेंगे। कृषि पंपों को भी सोलर पावर पर शिफ्ट किया जाएगा।
उन्होंने ऊर्जा कंपनियों को दो साल में लाभ की स्थिति में लाने के निर्देश दिए। वहीं, ट्रांसफार्मर रिपेयर यूनिट हर ज़रूरतमंद जिले में स्थापित करने के लिए नीति तैयार करने को कहा गया।
बैठक में यह भी बताया गया कि प्रदेश के छह महानगरों में विशेष विद्युत पुलिस थाने खोले जाएंगे और शासकीय कार्यालयों में 15 अगस्त से प्री-पेड मीटर लगाए जाएंगे।ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया कि बिजली बिलों के समाधान के लिए छह माह की वन टाइम सेटलमेंट स्कीम लागू की जा रही है, जिसके तहत अधिभार में छूट दी जाएगी। भुगतान न करने वालों के कनेक्शन काटे जाएंगे।







