भोपाल

पूर्व डीजीपी के घर से लाखों के गहने गायब 

पूर्व डीजीपी के घर से लाखों के गहने गायब
अरेरा कॉलोनी में बिजली का काम पूरा होने के बाद पता चला पर्स गायब, कारीगर से पूछताछ
भोपाल, यश भारत । राजधानी के अरेरा कॉलोनी इलाके में पूर्व पुलिस महानिदेशक एमएल जैन के बंगले से करीब सात लाख रुपये के सोने के आभूषण और नकदी गायब होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद हबीबगंज थाना पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, पूर्व डीजीपी के बंगले में इन दिनों बिजली का काम चल रहा था। काम के लिए बिजली कारीगर बंगले पर आया था। उसके वापस जाने के बाद घर में रखा एक पर्स नहीं मिला। परिजनों ने तलाश की तो पता चला कि पर्स में सोने की चूड़ियां, कंगन, अंगूठी और नकदी रखी थी। इसकी कुल कीमत करीब सात लाख रुपये बताई जा रही है।
अमेरिका से आई बेटी का था पर्स
पुलिस के मुताबिक, जिस पर्स के गायब होने की शिकायत की गई है, वह पूर्व डीजीपी की बेटी का बताया जा रहा है। वह कुछ दिन पहले ही अमेरिका से भोपाल आई थीं। पर्स में रखे आभूषण और नकदी गायब मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई।
शक के घेरे में आया बिजली कारीगर
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने बंगले में काम करने वाले बिजली कारीगर को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया है। उससे लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पर्स आखिरी बार कहां रखा गया था और बंगले में काम के दौरान किन-किन लोगों की आवाजाही हुई थी।
पुलिस आसपास लगे निगरानी कैमरों की फुटेज और अन्य संभावित साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। फिलहाल चोरी गए आभूषण और नकदी बरामद नहीं हुए हैं। पुलिस की पूछताछ के बाद ही वारदात की पूरी तस्वीर सामने आने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button