देश

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: इंदौर जा रही बस में लगी आग, 8 यात्रियों की मौत, 21 घायल

स्थानीय लोगों ने बचाई कई जिंदगियां

दौसा | राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ऋषिकेश से इंदौर जा रही एक स्लीपर बस की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई, जिसके बाद बस में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी बस आग का गोला बन गई। इस हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 यात्री गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।

रात 2:30 बजे हुआ हादसा

दौसा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) पीयूष दीक्षित के अनुसार, हादसा कोलवा थाना क्षेत्र के तनावड़ स्थित जीरो पॉइंट पर रात करीब 2:30 बजे हुआ। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मृतकों में पांच लोगों की मौत आग में झुलसने से हुई, जबकि तीन अन्य ने सिर में गंभीर चोट लगने के कारण दम तोड़ दिया। सभी घायलों को दौसा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

टक्कर के बाद देखते ही देखते आग की चपेट में आई बस

पुलिस के अनुसार, ट्रक से टक्कर के तुरंत बाद बस में आग लग गई, जिसने कुछ ही देर में पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। तेज लपटों और घने धुएं के कारण यात्रियों को बाहर निकालना बेहद मुश्किल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव अभियान शुरू किया गया।

स्थानीय लोगों ने बचाई कई जिंदगियां

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस करीब एक घंटे तक जलती रही। इस दौरान आसपास मौजूद लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर आग और धुएं के बीच फंसे यात्रियों को बाहर निकालने की कोशिश की। हादसे में कई बच्चे भी घायल हुए हैं। जिला अस्पताल में भर्ती घायलों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक महिला अपने घायल बच्चे के इलाज के लिए डॉक्टरों से गुहार लगाती नजर आई।

मुख्यमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री ने जताया शोक

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि दौसा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुई सड़क दुर्घटना में जनहानि अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

वहीं, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा कि दौसा जिले में हुए इस भीषण सड़क हादसे में कई लोगों की मौत की खबर बेहद दुखद है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

हादसे की जांच जारी

पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में ट्रक और बस की टक्कर के बाद आग लगने की बात सामने आई है। प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है ताकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button