सांसद आशीष दुबे और पमरे महाप्रबंधक की बैठक: जबलपुर स्टेशन के कायाकल्प और नई ट्रेनों पर हुई चर्चा

जबलपुर। शुक्रवार को सर्किट हाउस में जबलपुर सांसद आशीष दुबे और पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह के बीच एक उच्च स्तरीय बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में जबलपुर मंडल के विकास, यात्री सुविधाओं के विस्तार और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर विस्तृत रणनीति तैयार की गई।
स्टेशनों पर सुविधाओं का होगा विस्तार
सांसद आशीष दुबे ने मदन महल और जबलपुर रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को धूप और बारिश से बचाने के लिए ओपन एरिया में टीन शेड लगाने तथा पर्याप्त कवरिंग की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही, स्टेशनों पर यातायात के दबाव को कम करने के लिए पार्किंग के प्रवेश और निकास द्वारों को अलग-अलग करने पर जोर दिया गया ताकि यात्रियों की आवाजाही सुगम हो सके।
नई ट्रेनों और कनेक्टिविटी पर जोर
बैठक में जबलपुर से चलने वाली गरीब रथ ट्रेनों के फेरे और स्टॉपेज बढ़ाने, जबलपुर–दमोह रेल कनेक्टिविटी को बेहतर करने तथा पुणे की ओर जाने वाली ट्रेनों के फेरे बढ़ाकर उन्हें नियमित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। साथ ही, जबलपुर स्टेशन की हैंडलिंग क्षमता बढ़ाने और कोचिंग मेंटेनेंस सुविधाओं के विकास पर भी सहमति बनी।
शहपुरा आरओबी और यातायात समस्या
शहपुरा के समीप रोड ओवर ब्रिज (ROB) के मरम्मत कार्य से हो रही यातायात की दिक्कतों पर भी चर्चा की गई। रेलवे अधिकारियों ने वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था और जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। महाप्रबंधक ने संबंधित विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि सभी प्रस्तावित कार्यों की सूची तैयार कर जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई जाए ताकि क्षेत्रीय विकास में तेजी आ सके।







