एक पल में खत्म हो गई खुशियां: शादी से लौटते वक्त हादसे में 6 की मौत
दो कारों की आमने-सामने जोरदार टक्कर

कांकेर। नेशनल हाईवे-30 पर एक भीषण सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। कोतवाली थाना क्षेत्र के नाथिया नवागांव के पास दो कारों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों गाड़ियां पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। इस दर्दनाक हादसे में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल एम्बुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज कांकेर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच गया। कांकेर के पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया। पुलिस फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह हादसा रात करीब 10:45 बजे हुआ, जब एक कार में सवार लोग शादी समारोह से अपने गांव उड़कूड़ा लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी कार से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई।
हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग उड़कूड़ा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है। वहीं, घायलों के बयान के बाद ही हादसे की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।






