मध्य प्रदेशराज्य

जनभागीदारी अतिथि विद्वानों को मिलेंगे अब 2000 प्रतिदिन: विधायक की मौजूदगी में हुआ निर्णय

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ शासकीय कन्या महाविद्यालय (डिग्री कॉलेज), सागर की जनभागीदारी समिति की बैठक में महाविद्यालयीन अध्यापन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और शैक्षणिक वातावरण को बेहतर करने के उद्देश्य से कई बड़े निर्णय लिए गए हैं। विधायक शैलेंद्र कुमार जैन के मुख्य आतिथ्य एवं जनभागीदारी समिति की अध्यक्ष श्रीमती मनीषा विनय मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में जनभागीदारी अतिथि विद्वानों के मानदेय को ₹1500 से बढ़ाकर ₹2000 प्रति कार्यदिवस करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। मानदेय वृद्धि के इस फैसले से महाविद्यालय में सेवाएं दे रहे अतिथि विद्वानों में हर्ष व्याप्त है।

 

छात्राओं की कम उपस्थिति पर सख्त रुख: परीक्षा से होंगी वंचित

 

बैठक में छात्राओं की कम उपस्थिति पर चिंता जताते हुए विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने कहा कि डिग्री कॉलेज का उद्देश्य सिर्फ परीक्षा केंद्र बनना नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना है। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन छात्राओं की उपस्थिति निर्धारित मापदंडों से कम है, उनके अभिभावकों को पत्र भेजकर स्थिति से अवगत कराया जाए और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें बुलाकर समझाइश दी जाए। इसके बावजूद सुधार न होने पर नियमानुसार छात्राओं को परीक्षा में बैठने से वंचित करने की कठोर कार्रवाई की जाए, जिस पर समिति सदस्यों ने सर्वसम्मति जताई।

 

व्यवहारिक ज्ञान हेतु लगेगी ‘एजुकेशन ट्रिप’

 

छात्राओं के सर्वांगीण विकास और शैक्षणिक अनुभव को व्यापक बनाने के लिए महाविद्यालय द्वारा ‘एजुकेशन ट्रिप’ आयोजित करने का निर्णय भी लिया गया। विधायक जैन ने कहा कि किताबी ज्ञान के साथ-साथ प्रत्यक्ष भ्रमण से छात्राओं को विभिन्न संस्थानों और व्यावहारिक गतिविधियों को समझने का नया दृष्टिकोण मिलेगा। इसके अतिरिक्त छात्राओं के आईडी कार्ड प्राथमिकता से तैयार कराने और परिसर में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर भी समिति ने सहमति व्यक्त की।

 

बैठक में जनभागीदारी समिति अध्यक्ष श्रीमती मनीषा विनय मिश्रा, प्राचार्य आनंद तिवारी, प्रासुक जैन सहित समिति के अन्य सदस्य एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button