भोपाल

कोलार के आम्रवेली के बाहर धंसी सड़क, पार्किंग में खड़ी गाड़ियां जमीन में धंसीं – आठ मंजिला इमारत के पास हुए हादसे से मची अफरा-तफरी, क्रेन से निकाले वाहन, निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल

कोलार के आम्रवेली के बाहर धंसी सड़क, पार्किंग में खड़ी गाड़ियां जमीन में धंसीं
– आठ मंजिला इमारत के पास हुए हादसे से मची अफरा-तफरी, क्रेन से निकाले वाहन, निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल

//देखें विडियो/

भोपाल, यह भारत । राजधानी के कोलार स्थित दानिशकुंज इलाके में शनिवार को बारिश के दौरान सड़क धंसने से बड़ा हादसा हो गया। आम्रवेली परिसर की आठ मंजिला इमारत के बाहर अचानक जमीन धंस गई। सड़क के किनारे खड़ी कई गाड़ियां देखते ही देखते धंसे हुए हिस्से में समा गईं। घटना के बाद परिसर में रहने वाले लोगों में अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
बारिश के बीच धंसी जमीन, क्रेन से निकाली गाड़ियां
घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। सड़क का एक हिस्सा धंसने के कारण वहां खड़े वाहन फंस गए थे। इन्हें निकालने के लिए क्रेन की मदद ली गई। काफी मशक्कत के बाद वाहनों को बाहर निकाला गया। अचानक सड़क धंसने की घटना ने परिसर और आसपास के क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
सात साल में निर्माण की हालत पर सवाल
स्थानीय रहवासियों का कहना है कि परिसर में हुए नए निर्माण को अभी ज्यादा समय नहीं बीता है, इसके बावजूद सड़क और जमीन धंसने की घटना चिंता बढ़ाने वाली है। लोगों ने निर्माण कार्य में इस्तेमाल सामग्री की गुणवत्ता और पूरे क्षेत्र की तकनीकी जांच कराने की मांग की है। साथ ही यह भी पता लगाने की मांग की गई है कि निर्माण के दौरान जरूरी मानकों का पालन हुआ था या नहीं।
कलियासोत कैचमेंट में निर्माण को लेकर भी उठे सवाल
हादसे के बाद कलियासोत नदी के कैचमेंट क्षेत्र में निर्माण को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों की ओर से क्षेत्र में निर्माण को लेकर एनजीटी के रेड जोन से जुड़े नियमों की अनदेखी के आरोप लगाए जा रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों की फिलहाल आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। संबंधित विभागों की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि सड़क धंसने की वजह क्या रही और इसके लिए कौन से तकनीकी या निर्माण संबंधी कारण जिम्मेदार हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button