गोविंदपुरा में प्रदेशव्यापी धरना, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन, विभागीय परीक्षा का नोटिफिकेशन तत्काल जारी करने की मांग

गोविंदपुरा में प्रदेशव्यापी धरना, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन, विभागीय परीक्षा का नोटिफिकेशन तत्काल जारी करने की मांग
नियमितीकरण की मांग पर भोपाल में गरजे विद्युत संविदा अधिकारी कर्मचारी
भोपाल यश भारत। मध्यप्रदेश की विद्युत कंपनियों में कार्यरत संविदा अधिकारी-कर्मचारियों के नियमितीकरण की मांग को लेकर गुरुवार को भोपाल के गोविंदपुरा स्थित बिजली नगर कॉलोनी में प्रदेशव्यापी एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया। यूनाइटेड फोरम फॉर पावर एम्प्लॉइज एंड इंजीनियर्स के आह्वान पर प्रदेशभर से पहुंचे कर्मचारियों ने शासन से नियमितीकरण की प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांग है कि समकक्ष नियमित रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए विभागीय परीक्षा एवं भर्ती प्रक्रिया का नोटिफिकेशन तत्काल जारी किया जाए। फोरम के प्रदेश अध्यक्ष आर.एस. कुशवाह ने कहा कि हजारों संविदा अधिकारी-कर्मचारी वर्षों से विद्युत कंपनियों में जिम्मेदारी के साथ सेवाएं दे रहे हैं लेकिन नियमितीकरण में देरी से उनके भविष्य पर अनिश्चितता बनी हुई है। फोरम के अनुसार ऊर्जा विभाग के 24 जुलाई 2026 के पत्र के तहत समकक्ष नियमित रिक्त पदों पर नियुक्ति संबंधी प्रस्ताव को अनुमोदन मिल चुका है। भर्ती प्रक्रिया 31 अक्टूबर 2026 तक पूरी की जानी थी और पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी को नोडल एजेंसी बनाया गया है। इसके बावजूद नोटिफिकेशन जारी नहीं होने से कर्मचारियों में असंतोष है।
धरने के बाद प्रतिनिधिमंडल ने मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इसमें भर्ती प्रक्रिया तत्काल शुरू कर निर्धारित समय सीमा में पूरी करने की मांग की गई।







