भोपालमध्यप्रदेश

पुनर्वास की गुहार अनसुनी हुई तो 5 महिलाओं ने निगला जहर, हमीदिया में भारी हंगामा

पुनर्वास की गुहार अनसुनी हुई तो 5 महिलाओं ने निगला जहर, हमीदिया में भारी हंगामा

भोपाल, यश भारत। राजधानी के ऐशबाग इलाके में जनता क्वार्टर खाली कराने के नाम पर बरती जा रही प्रशासनिक जिद अब मानवीय आपदा का रूप लेती जा रही है। बिना किसी ठोस और सुरक्षित पुनर्वास योजना के अचानक थोपे गए बेदखली के अल्टीमेटम ने गरीबों को किस हद तक तोड़ दिया है, इसकी बानगी शुक्रवार को तब देखने को मिली जब आशियाना बचाने की गुहार लगा रही पांच महिलाओं ने मजबूर होकर जहरीला पदार्थ खा लिया। हमीदिया अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहीं दो महिलाओं की गंभीर हालत इस बात का गवाह है कि कागजी नोटिसों और कागजी कार्रवाई के बीच जमीन पर रहने वाले इंसानों की जिंदगी की कितनी बड़ी अनदेखी की जा रही है।

एक तरफ प्रशासन 13 नवंबर की डेडलाइन और 14 नवंबर से प्रस्तावित तोड़फोड़ के बुलडोजर का खौफ दिखाकर अपनी ताकत का अहसास करा रहा है, तो दूसरी तरफ दशकों से यहां वैध-अवैध रूप से बसर कर रहे परिवारों के पास सिर छुपाने के लिए एक इंच जमीन तक नहीं बची है। सवाल यह उठता है कि क्या विकास या जर्जर भवनों को गिराने की कार्रवाई इंसानी जिंदगियों को दांव पर लगाकर ही पूरी होगी? क्या स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की यह नैतिक जिम्मेदारी नहीं थी कि तोड़फोड़ से पहले हर एक परिवार के सिर पर छत की मु मुकम्मल व्यवस्था की जाए? इस घटना ने एक बार फिर प्रशासनिक संवेदनहीनता और सिस्टम के खोखले दावों को बेनकाब कर दिया है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button