
जबलपुर। शहर में फैल रहे नशे के काले कारोबार पर तिलवारा पुलिस ने एक और बड़ा वार किया है। बीती रात बिलाबांग स्कूल रोड, शाहनाला पर पुलिस ने मुखबिर की पुख्ता सूचना पर घेराबंदी कर 19 वर्षीय युवक को रंगेहाथ पकड़ लिया। उसके कब्जे से 5.405 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी क़ीमत तक़रीबन ₹85 हज़ार आँकी गई है।
बायपास पर सप्लाई लाइन कटी
पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी शिवम पटेल पिता लाखन पटेल (उम्र 19 वर्ष, निवासी हनुमान मंदिर के पास ग्राम रमनगरा, थाना तिलवारा) गांजे के तीन पैकेट लेकर सप्लाई करने जा रहा था। लेकिन इससे पहले कि माल गंतव्य तक पहुँचता, पुलिस ने बायपास पर ही उसकी सप्लाई लाइन काट दी।
आला अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देश और एएसपी जोन-2 पल्लवी शुक्ला एवं सीएसपी गढ़ा आशीष जैन के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी बृजेश मिश्रा की अगुवाई में गठित टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर धारा 8, 20 एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया गया है, जहां से उसे पुलिस अभिरक्षा में भेजा गया है।
सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बृजेश मिश्रा, उप-निरीक्षक अभिषेक कैथवास, प्रधान आरक्षक पृथ्वीराज सिंह राजपूत, प्रधान आरक्षक सतीश शुक्ला और प्रधान आरक्षक जयशंकर चौहान की सराहनीय भूमिका रही।
नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान
पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। युवाओं को नशे के दलदल में धकेलने वालों के खिलाफ ऐसी ही सख्त कार्रवाई आगे भी की जाएगी।







