लखनऊ के कोचिंग सेंटर में भीषण आग, जान बचाने के लिए छात्रों ने लगाई छलांग; कई के घायल होने की आशंका
लखनऊ,यशभारत।

लखनऊ,यशभारत। राजधानी लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र स्थित एक कोचिंग सेंटर में सोमवार को भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि अंदर मौजूद लोगों को अपनी जान बचाने के लिए इमारत से नीचे कूदना पड़ा। घटना में कई लोगों के घायल होने की आशंका जताई जा रही है।सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के लिए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां घटनास्थल पर मौजूद हैं और आग बुझाने के प्रयास लगातार जारी हैं।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जिस भवन में आग लगी है वहां आईटी प्रशिक्षण से जुड़ी गतिविधियां संचालित होती हैं और बड़ी संख्या में छात्र प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे थे।
आग लगने के समय भी कई छात्र भवन के भीतर मौजूद थे।एक फायरकर्मी ने बताया कि स्थानीय लोगों के अनुसार 10 से 12 लोगों के अंदर फंसे होने की आशंका है। बचाव दल सभी मंजिलों की तलाशी लेकर लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास कर रहा है।घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले का संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने तथा घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और बचाव अभियान जारी है। हादसे को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।







