एफआईआर के विरोध में युवा कांग्रेस-एनएसयूआई ने किया एसपी कार्यालय घेराव
एफआईआर वापस लेने की मांग

जबलपुर,यशभारत। मालवीय चौक पर राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में हुए प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं पर दर्ज एफआईआर के विरोध में गुरुवार को युवा कांग्रेस और एनएसयूआई ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी।
युवा कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के बावजूद वरिष्ठ कांग्रेस नेता आलोक मिश्रा, अभिषेक (चिंटू) चौकसे सहित कई कार्यकर्ताओं के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, पुलिस से झूमाझटकी तथा अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है, जो पूरी तरह निराधार और राजनीतिक दबाव में की गई कार्रवाई है। उनका कहना है कि घटना के उपलब्ध वीडियो में वास्तविक स्थिति स्पष्ट दिखाई देती है, जिससे पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े होते हैं।
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन से एफआईआर तत्काल वापस लेने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि तीन दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं की गई तो युवा कांग्रेस और एनएसयूआई उग्र आंदोलन एवं धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे।
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने प्रतिनिधिमंडल से चर्चा करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने और तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।






