बैहर-बिरसा में स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं का संभागायुक्त ने लिया जायजा
दस्तक अभियान की समीक्षा

बालाघाट,यशभारत। संभागायुक्त धनंजय सिंह ने कलेक्टर के साथ बैहर एवं बिरसा विकासखंड का भ्रमण कर स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छता सेवाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिठली और कुंडेकसा में संचालित अस्थायी स्वास्थ्य शिविर का जायजा लेकर दस्तक अभियान की प्रगति की समीक्षा की।

अधिकारियों ने बताया कि दोनों विकासखंडों के ग्रामों में लगातार स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है। सर्दी, खांसी, मलेरिया सहित अन्य बीमारियों से पीड़ित मरीजों को दवाएं देकर उपचार किया जा रहा है। अब तक 1300 से अधिक बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा चुका है। संभागायुक्त ने वर्षाजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
पेयजल व्यवस्था की समीक्षा में बताया गया कि 529 सक्रिय हैंडपंपों का क्लोरीनेशन किया जा रहा है। संभागायुक्त ने सभी पेयजल स्रोतों की वाटर टेस्टिंग कराने और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। ग्रामों में सफाई, ड्रेनेज व्यवस्था और ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव के साथ स्कूलों व छात्रावासों में स्वच्छता बनाए रखने को कहा।
बोंदारी ग्राम के उर्सेकल टोला स्थित प्राथमिक शाला में गणवेश नहीं मिलने और शैक्षणिक गुणवत्ता संतोषजनक नहीं पाए जाने पर संबंधित शिक्षक एवं डीपीसी का स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए गए। पशुपालन विभाग ने बताया कि अब तक 1800 से अधिक पशुओं का टीकाकरण किया जा चुका है।
संभागायुक्त ने अधिकारियों को मैदानी क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर योजनाओं की प्रभावी निगरानी के निर्देश देते हुए लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। इस दौरान नेशनल ज्वाइंट आउटब्रेक रिस्पॉन्स टीम के विशेषज्ञों से भी उन्होंने चर्चा की।







