कांग्रेस का टैलेंट हंट प्रोग्राम, तीन चरणों में होगा आयोजन

कांग्रेस का टैलेंट हंट प्रोग्राम, तीन चरणों में होगा आयोजन
भोपाल। मध्यप्रदेश में कांग्रेस का बहुप्रतीक्षित टैलेंट हंट प्रोग्राम आज से शुरू हो रहा है। संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए इस पहल के तहत इन्फ्लुएंसर्स, कंटेंट क्रिएटर्स और प्रवक्ताओं की नियुक्ति की जाएगी। कार्यक्रम को तीन चरणों में पूरा करने की योजना बनाई गई है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, इस अभियान के जरिए सोशल मीडिया और जमीनी स्तर पर प्रभावी टीम तैयार की जाएगी, जो चुनाव से पहले फैक्ट आधारित रिसर्च और संवाद को मजबूत करेगी। खासतौर पर युवाओं और विभिन्न क्षेत्रों में काम कर रहे प्रोफेशनल्स को इस कार्यक्रम से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह पहल पार्टी की विचारधारा से जुड़े नए चेहरों को मंच देने का अवसर है, जिससे संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और संवाद क्षमता में वृद्धि होगी।
दल-बदल करने वालों को नहीं मिलेगा मौका
पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने स्पष्ट किया है कि इस बार चयन प्रक्रिया में निष्ठावान कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी ऐसे लोगों को मौका देगी जो लंबे समय तक कांग्रेस के साथ जुड़े रहें और बार-बार दल बदलने की प्रवृत्ति न रखते हों।
इस टैलेंट हंट प्रोग्राम को कांग्रेस की चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है, जिससे पार्टी अपनी डिजिटल और संगठनात्मक ताकत को और मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ेगी।







