351 बसों को हरी झंडी दिखाएंगे मुख्यमंत्री, भेल क्षेत्र में बदले रहेंगे कई रूट

351 बसों को हरी झंडी दिखाएंगे मुख्यमंत्री, भेल क्षेत्र में बदले रहेंगे कई रूट
– 25 सितंबर को 15 हजार लोगों के जुटने की संभावना, यातायात पुलिस ने जारी किया रूट प्लान
यश भारत, भोपाल। भेल दशहरा मैदान में 25 सितंबर को मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के तहत 351 बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। कार्यक्रम में करीब 15 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए यातायात पुलिस ने रूट, ड्रॉप प्वाइंट, पार्किंग और डायवर्जन की व्यवस्था तय की है। यह व्यवस्था सुबह 9 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक लागू रहेगी।
बाहर से आने वाली बसों के लिए तय मार्ग
सीहोर, फंदा और खजूरी की ओर से आने वाली बसें खजूरी सड़क, भौरी बायपास, बकानिया डिपो, मुबारकपुर, लांबाखेड़ा, चौपड़ा कलां, पटेल नगर, आनंद नगर, रत्नागिरी, पिपलानी और महात्मा गांधी चौराहा होते हुए भेल गेट नंबर-6 पहुंचेंगी। यात्रियों को उतारने के बाद बसें जंबूरी मैदान में पार्क होंगी।
राजगढ़, ब्यावरा और परवलिया की ओर से आने वाली बसें मुबारकपुर, लांबाखेड़ा, चौपड़ा कलां, पटेल नगर, आनंद नगर, रत्नागिरी, पिपलानी और महात्मा गांधी चौराहा होते हुए भेल गेट नंबर-6 पहुंचेंगी। विदिशा, सूखीसेवनिया और रायसेन से आने वाली बसों के लिए भी यही मार्ग रहेगा। नर्मदापुरम से आने वाली बसें 11 मील से आउटर बायपास होकर खजूरी कलां और एसओएस रोड से पहुंचेंगी।
शहर की 125 बसों के लिए पार्किंग व्यवस्था
भोपाल शहर से आने वाली करीब 125 यात्री बसें प्रभात चौराहा और आईटीआई तिराहा होते हुए हेमा स्कूल के पास यात्रियों को उतारेंगी। इसके बाद बसें करियर कॉलेज के पीछे और गुलाब उद्यान पार्किंग स्थल पर खड़ी की जाएंगी।
भारी वाहनों का प्रवेश रहेगा प्रतिबंधित
कार्यक्रम के दौरान गोविंदपुरा टर्निंग से अन्नानगर तिराहा, करियर कॉलेज, सद्भावना चौराहा, भेल गेट नंबर-6, महात्मा गांधी चौराहा और सिक्योरिटी लाइन चौराहा तक यातायात का दबाव रहने की संभावना है। इन मार्गों पर मालवाहक, भारी और व्यावसायिक वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। आम वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की गई है।
इन मार्गों से निकल सकेंगे वाहन
महात्मा गांधी चौराहे से करियर कॉलेज की ओर जाने वाले वाहन बरखेड़ी, गुलाब उद्यान तिराहा और कस्तूरबा अस्पताल होते हुए आईएसबीटी व चेतक ब्रिज की ओर जा सकेंगे।
चेतक ब्रिज और गोविंदपुरा टर्निंग से महात्मा गांधी चौराहे की ओर जाने वाले वाहन सांची डेयरी कट, कस्तूरबा अस्पताल, गुलाब उद्यान रोड और बरखेड़ा मार्केट होकर जा सकेंगे।
अवधपुरी से एमपी नगर की ओर जाने वाले वाहन सेंट जेवियर स्कूल के पीछे से बरखेड़ा मार्केट और एम्स अस्पताल होकर आवागमन कर सकेंगे।
आईटीआई तिराहे से करियर कॉलेज होते हुए चेतक ब्रिज और आईएसबीटी जाने वाले वाहन सिक्योरिटी लाइन चौराहा और सांवतिका पेट्रोल पंप तिराहा होकर चेतक ब्रिज की ओर जा सकेंगे।
यात्री बसों का भी होगा डायवर्जन
होशंगाबाद, जबलपुर, छिंदवाड़ा और बैतूल की ओर से आने वाली बसें 11 मील और हबीबगंज नाका होते हुए आईएसबीटी पहुंचेंगी। आईएसबीटी से आगे नादरा बस स्टैंड की ओर इनका प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
सागर, छतरपुर और दमोह की बसें पटेल नगर बायपास, 11 मील और हबीबगंज नाका होकर आईएसबीटी जाएंगी। इंदौर और उज्जैन से आने वाली बसें हलालपुर बस स्टैंड तक जा सकेंगी, लेकिन इसके आगे लालघाटी की ओर प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।







