
मुख्यमंत्री ने छात्राओं को सौंपी स्कूटी की चाबी, स्वच्छता व स्टायपेंड का उपहार देंग -12वीं के टॉपर्स को स्कूटी
भोपाल, यशभारत। प्रदेश में 12वीं के टॉपर 7,832 विद्यार्थियों को स्कूटी खरीदने के लिए राशि गुरुवार को प्रदान की गई। कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विद्यार्थियों के बीच 12वीं में प्रथम स्थान हासिल करने वाली कोमल पाठक को स्कूटी की चाबी दी। इसके अलावा 20 लाख 37 हजार 439 बालिकाओं को स्वच्छता और हाइजीन के लिए लगभग 61 करोड़ रुपए भी प्रदान किए। इस दौरान महापौर मालती राय, स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह, जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग समेत विभाग के अधिकारी मौजूद हैं। इस दौरान स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि ये बच्चे कॉलेज में पढऩे जाएंगे, तब बेहतर शिक्षा में यह स्कूटी पंख लगाने का काम करेगी। मेरा आग्रह है कि स्कूटी चलाने से पहले अपना लर्निंग लाइसेंस जरूर बनवा लें। हेलमेट का इस्तेमाल करें और निर्धारित गति पर ही चलाएं। उन्होंने कहा कि हमारे लिए गर्व की बात है कि स्कूल के बच्चों को एक महीने में तीसरी बार मुख्यमंत्री का आशीर्वाद मिल रहा है। उल्लेखनीय है कि योजना शैक्षणिक सत्र 2022-23 से शुरू हुई है। इसमें उन छात्र-छात्राओं को स्कूटी राशि दी जाती है, जिन्होंने शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में पढ़ते हुए 12वीं कक्षा में टॉप किया हो। नियम के अनुसार बालिका स्कूल से एक टॉपर छात्रा, बालक स्कूल से एक टॉपर छात्र और को-एड स्कूल से एक-एक छात्र-छात्रा इस योजना के तहत लाभांवित होते हैं। इस वर्ष 7,832 टॉपर विद्यार्थियों को योजना का लाभ मिलेगा। -बालिकाओं के खाते में सीधे जमा हुए रुपए : मुख्यमंत्री डॉ. यादव इस अवसर पर 20 लाख 37 हजार 439 बालिकाओं को स्वच्छता और हाइजीन के लिए लगभग 61 करोड़ रुपए दिए । यह राशि उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की गई है। इस योजना के तहत कक्षा 7वीं से 12वीं तक की बालिकाओं को प्रतिवर्ष 300 रुपए की राशि सीधे बैंक खाते में दी जाती है।







