
शिकायत लेकर पहुंचे नागरिक
महापौर ने अधिकारियों से मांगा जवाब

सड़कों, जलकर, आवास और पेंशन के मामलों पर हुई सुनवाई, लंबित प्रकरणों के तत्काल निराकरण के निर्देश
कटनी, यशभारत। नगर निगम की साप्ताहिक महापौर जनसुनवाई मंगलवार को महज आवेदन लेने की औपचारिकता नहीं रही। शहर के अलग-अलग वार्डों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं रखीं तो महापौर प्रीति सूरी ने संबंधित अधिकारियों से प्रकरणों की स्थिति पूछकर लंबित मामलों के कारण जानने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नागरिकों को एक ही समस्या के लिए बार-बार निगम के चक्कर न लगाने पड़ें।
जनसुनवाई में जर्जर सड़कों की मरम्मत, जलकर, प्रधानमंत्री आवास योजना, सामाजिक सुरक्षा और पेंशन से जुड़े मामले प्रमुख रूप से सामने आए। महापौर ने प्रत्येक आवेदन को संबंधित विभाग के अधिकारियों के समक्ष रखा और प्रकरण के निराकरण की प्रक्रिया तथा समय-सीमा को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में आया कोई भी जायज प्रकरण अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहना चाहिए। नागरिकों की शिकायतों का निराकरण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि समस्या का वास्तविक समाधान दिखाई देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जनसुनवाई नगर निगम और नागरिकों के बीच सीधे संवाद का माध्यम है। लोगों को अपनी छोटी-छोटी समस्याओं के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने के बजाय एक ही स्थान पर समाधान मिले, यही जनसुनवाई का उद्देश्य है। जनसुनवाई में स्वास्थ्य, लोक निर्माण, जल प्रदाय, प्रकाश और समाज कल्याण विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। प्राप्त प्रकरणों पर संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।







