यूट्यूब से सीखा नकली नोट छापने का हुनर, 8.71 लाख की जाली करेंसी के साथ पांच गिरफ्तार कलर प्रिंटर से तैयार कर रहे थे 500 और 200 के नोट, अतिथि शिक्षक और सेल्समैन भी गिरोह में शामिल

यूट्यूब से सीखा नकली नोट छापने का हुनर, 8.71 लाख की जाली करेंसी के साथ पांच गिरफ्तार
कलर प्रिंटर से तैयार कर रहे थे 500 और 200 के नोट, अतिथि शिक्षक और सेल्समैन भी गिरोह में शामिल
भोपाल, यश भारत/ शहडोल। इंटरनेट पर वीडियो देखकर नकली नोट बनाने का तरीका सीखना पांच लोगों को भारी पड़ गया। मध्यप्रदेश के शहडोल जिले में खैरहा थाना पुलिस ने जाली नोट छापने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 8 लाख 71 हजार रुपये से अधिक मूल्य की नकली करेंसी बरामद की गई है। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस के अनुसार गिरोह का मुख्य आरोपी यूट्यूब पर वीडियो देखकर नकली नोट तैयार करने का तरीका सीख रहा था। इसके बाद उसने कलर प्रिंटर की मदद से 500 और 200 रुपये के नकली नोट छापना शुरू कर दिया। धीरे-धीरे इस काम में अन्य लोग भी शामिल हो गए और गिरोह जाली करेंसी तैयार करने लगा।
खैरहा थाना पुलिस ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 1 803 नकली नोट बरामद हुए जिनकी कुल कीमत 8 लाख 71 हजार रुपये से अधिक बताई गई है। पुलिस ने नकली नोटों के अलावा कलर प्रिंटर और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है। इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों में अतिथि शिक्षक और सेल्समैन के शामिल होने की बात भी सामने आई है। सामान्य पेशे से जुड़े लोगों के नकली नोट छापने के इस धंधे में शामिल होने से पुलिस भी मामले को गंभीरता से जांच रही है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गिरोह कब से इस अवैध कारोबार में सक्रिय था और अब तक कितने नकली नोट बाजार में खपा चुका है। साथ ही नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी जारी है। पुलिस को आशंका है कि जांच आगे बढ़ने पर इस गिरोह से जुड़े कई और अहम खुलासे हो सकते हैं।







