विधायक की पहल से जुलूस मार्ग होगा सुरक्षित
सुभाष चौक से आजाद चौक तक सर्विस वायरों का जाल हटेगा, विधायक निधि से 8 लाख रुपए स्वीकृत

विधायक की पहल से जुलूस मार्ग होगा सुरक्षित
सुभाष चौक से आजाद चौक तक सर्विस वायरों का जाल हटेगा, विधायक निधि से 8 लाख रुपए स्वीकृत

कटनी,यशभारत। शहर के प्रमुख धार्मिक जुलूस मार्ग को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने की दिशा में विधायक संदीप जायसवाल ने सराहनीय पहल की है। वर्षों से जुलूस मार्ग पर परेशानी और दुर्घटना की आशंका का कारण बनी सर्विस वायरों की रोड क्रॉसिंग को अब हटाया जाएगा। इसके लिए विधायक निधि से 8 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई है।
गणेशोत्सव और दुर्गोत्सव के दौरान सुभाष चौक, झंडा बाजार, लक्ष्मी नारायण मंदिर और आजाद चौक होते हुए गाटरघाट की ओर बड़ी संख्या में जुलूस निकलते हैं। इस दौरान सड़क के ऊपर फैली सर्विस वायरों के कारण परेशानी होती थी। विधायक संदीप जायसवाल ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए इसके स्थायी समाधान की पहल की है। जनसुरक्षा से जुड़े इस महत्वपूर्ण कार्य को लेकर विधायक की सक्रियता उस समय भी देखने को मिली, जब उन्होंने मंगलवार, 8 सितंबर को स्वयं जुलूस मार्ग का निरीक्षण किया। वे विद्युत विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पूरी स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि गणेशोत्सव से पहले हर हाल में लाइनों को व्यवस्थित कर दिया जाए, ताकि जुलूस के दौरान किसी तरह की बाधा या दुर्घटना की स्थिति न बने।
प्रस्तावित कार्य के तहत सड़क के दोनों ओर एलटी पोल स्थापित किए जाएंगे और रोड क्रॉसिंग वाली सर्विस वायरों को हटाकर विद्युत लाइनों को सुव्यवस्थित किया जाएगा। इससे जुलूस मार्ग न केवल सुरक्षित होगा, बल्कि वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान भी हो सकेगा। विधायक संदीप जायसवाल की इस पहल को जनहित और धार्मिक आयोजनों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने वाला महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। खास बात यह है कि विधायक ने समस्या को केवल अधिकारियों तक सीमित न रखते हुए स्वयं मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और समय-सीमा में काम पूरा कराने के निर्देश दिए।
एमपीईबी शहर संभाग के कार्यपालन अभियंता मुकेश मोहबे, कनिष्ठ अभियंता सहित विद्युत विभाग की टीम निरीक्षण के दौरान मौजूद रही। विधायक ने आमजन से भी इस जनहितकारी कार्य में सहयोग प्रदान करने की अपील की है।







