खाद्य सुरक्षा अधिकारी संवर्ग के 71 अधिकारियों को पदोन्नति भोपाल सहित प्रदेश के कई जिलों में नई पदस्थापना, वेतनमान 42,700 से 1,35,700 रुपये निर्धारित

खाद्य सुरक्षा अधिकारी संवर्ग के 71 अधिकारियों को पदोन्नति
भोपाल सहित प्रदेश के कई जिलों में नई पदस्थापना, वेतनमान 42,700 से 1,35,700 रुपये निर्धारित
भोपाल,यश भारत। मध्यप्रदेश शासन के लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी संवर्ग के 71 अधिकारियों को पदोन्नति की सौगात दी है। विभाग ने 4 नवंबर 2026 को पदोन्नति एवं पदस्थापना संबंधी आदेश जारी कर अधिकारियों को पे मैट्रिक्स लेवल-10 के तहत 42,700 से 1,35,700 रुपये के वेतनमान में पदोन्नत किया है। पदोन्नति के साथ ही कई अधिकारियों की पदस्थापना में बदलाव करते हुए उन्हें प्रदेश के अलग-अलग जिलों में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। जारी आदेश के अनुसार भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, उज्जैन, रीवा, सागर, देवास, सीहोर, विदिशा, सतना, खरगोन और मंदसौर सहित अन्य जिलों में अधिकारियों की पदस्थापना की गई है। कुछ अधिकारियों को वर्तमान जिले में ही पदस्थ रखा गया है, जबकि कई अधिकारियों को दूसरे जिलों में स्थानांतरित किया गया है। भोपाल में पहले से पदस्थ कुछ अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। यह पदस्थापना आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से प्रभावी रहेगी।
दो साल की रहेगी परिवीक्षा अवधि
विभागीय आदेश के मुताबिक पदोन्नत सभी अधिकारियों की परिवीक्षा अवधि दो वर्ष निर्धारित की गई है। अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से वर्तमान पद का कार्यभार छोड़कर नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के लिए भारमुक्त कर दिया गया है। वहीं वेतन निर्धारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आदेश जारी होने की तारीख से एक माह के भीतर अपना विकल्प प्रस्तुत करना होगा।
न्यायालयीन फैसलों के अधीन रहेगी पदोन्नति
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह पदोन्नति सुप्रीम कोर्ट एवं हाईकोर्ट में लंबित प्रकरणों में भविष्य में पारित होने वाले निर्णयों के अधीन रहेगी। इस तरह 71 अधिकारियों की पदोन्नति के साथ प्रदेश में खाद्य सुरक्षा अधिकारी संवर्ग के प्रशासनिक कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया गया है।







