मदर डेयरी ने बढ़ाए दूध के दाम, 4 रुपये प्रति लीटर तक महंगा, हुआ दूध नई दरें 12 नवंबर से होंगी लागू, किसानों से खरीद लागत और इनपुट कॉस्ट में बढ़ोतरी का दिया हवाला

मदर डेयरी ने बढ़ाए दूध के दाम, 4 रुपये प्रति लीटर तक महंगा हुआ दूध
नई दरें 12 नवंबर से होंगी लागू, किसानों से खरीद लागत और इनपुट कॉस्ट में बढ़ोतरी का दिया हवाला
भोपाल, यश भारत,। महंगाई की मार झेल रहे आम उपभोक्ताओं को एक और झटका लगा है। मदर डेयरी ने दिल्ली एनसीआर सहित अन्य क्षेत्रों में दूध की कीमतों में 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की है। दूध की नई दरें 12 नवंबर 2026 से लागू होंगी। कीमतों में इस बढ़ोतरी का सीधा असर आम उपभोक्ताओं के घरेलू बजट पर पड़ेगा। दिल्ली एनसीआर में नई दरों के अनुसार फुल क्रीम दूध की कीमत 72 रुपये से बढ़ाकर 76 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। इसी तरह गाय का दूध अब 62 रुपये के बजाय 65 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। टोंड दूध की कीमत 60 रुपये से बढ़ाकर 62 रुपये और डबल टोंड दूध की कीमत 54 रुपये से बढ़ाकर 56 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। वहीं वेंडिंग मशीन से मिलने वाले बल्क टोंड दूध का दाम 58 रुपये से बढ़ाकर 60 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है।
किसानों से दूध खरीदना हुआ महंगा
कंपनी के अनुसार दूध की कीमतों में बढ़ोतरी का प्रमुख कारण किसानों से दूध खरीदने की लागत और अन्य इनपुट कॉस्ट में इजाफा होना है। मदर डेयरी अपनी कमाई का लगभग 75 से 80 प्रतिशत हिस्सा दूध उत्पादक किसानों को भुगतान करती है। ऐसे में किसानों से खरीद की लागत बढ़ने के कारण कंपनी ने अतिरिक्त खर्च का कुछ बोझ उपभोक्ताओं पर डालने का फैसला किया है।
12 नवंबर से जेब पर पड़ेगा अतिरिक्त बोझ
नई कीमतें लागू होने के बाद रोजाना दूध खरीदने वाले परिवारों का मासिक बजट बढ़ना तय है। खासकर फुल क्रीम और गाय के दूध का इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं को पहले की तुलना में अधिक कीमत चुकानी होगी। कंपनी की इस मूल्य वृद्धि से दूध बाजार में भी कीमतों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। हम इस खबर की पूर्णता पुष्टि नहीं कर सकते







