भीषण सड़क हादसा : बस-बाइक की आमने-सामने भिड़ंत, 32 वर्षीय युवक की मौके पर मौत

दीपावली मनाने नागपुर से गांव आया था रोशन उइके, ससुराल जाते समय हुआ हादसा; मासूम बेटे के सिर से उठा पिता का साया, बस चालक फरार
बालाघाट। दीपावली का त्योहार मनाने नागपुर से अपने गांव आए एक परिवार की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब सड़क हादसे में 32 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई।
बालाघाट-बैहर मार्ग पर चिखलाझोड़ी और लौगुर के बीच आम गोलाई के पास यात्री बस और मोटरसाइकिल के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद बस चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
ससुराल जाते समय हुआ दर्दनाक हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान चिखलाझोड़ी निवासी रोशन उइके (32), पिता सुदेलाल उइके के रूप में हुई है। रोशन नागपुर की एक प्लाई फैक्ट्री में काम करता था। दीपावली का त्योहार परिवार के साथ मनाने के लिए वह अपने गांव आया हुआ था। मंगलवार सुबह करीब 9 बजे वह मोटरसाइकिल क्रमांक MP 50 Z 6339 से रूपझर थाना क्षेत्र के ग्राम बोदल बहरा स्थित अपनी ससुराल के लिए निकला था।
इसी दौरान बालाघाट-बैहर मार्ग पर आम गोलाई के पास सामने से सालेटेकरी की ओर जा रही यात्री बस से उसकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि रोशन सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मासूम बेटे के सिर से उठा पिता का साया
हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में चीख-पुकार मच गई। जिस घर में दीपावली की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अचानक मातम पसर गया। रोशन अपने पीछे पत्नी और एक मासूम बेटे को छोड़ गया है। पिता की असमय मौत से मासूम बच्चे के सिर से हमेशा के लिए पिता का साया उठ गया। घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
पुलिस ने शुरू की फरार बस चालक की तलाश
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस द्वारा दुर्घटना के संबंध में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। वहीं, हादसे के बाद मौके से फरार हुए बस चालक और संबंधित वाहन की तलाश की जा रही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों का भी पता लगा रही है।







