चित्रकूट में बनेगा भव्य वनवासी राम लोक : मुख्यमंत्री ने फोरलेन सड़क का किया भूमिपूजन

चित्रकूट। भगवान श्रीराम की तपोभूमि चित्रकूट में आयोजित पांच दिवसीय दीपोत्सव मेले में शुक्रवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल हुए। उन्होंने मंदाकिनी नदी के पंचवटी घाट पर दीपदान कर मां मंदाकिनी की पूजा-अर्चना की और प्रदेश सहित देश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने चित्रकूट के संत-महात्माओं का शाल, श्रीफल और अंगवस्त्र भेंटकर सम्मान किया तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री ने चित्रकूट धाम से गुप्त गोदावरी तक बनने वाली फोरलेन सड़क का भूमिपूजन कर निर्माण कार्य की शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार धार्मिक स्थलों का विकास केवल पर्यटन की दृष्टि से नहीं, बल्कि तीर्थाटन की भावना और श्रद्धालुओं की आस्था को केंद्र में रखकर कर रही है। उज्जैन में महाकाल लोक की तर्ज पर ओरछा में रामराजा लोक और चित्रकूट में भव्य वनवासी राम लोक विकसित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि चित्रकूट भगवान श्रीराम की तपोभूमि है। वनवास के दौरान प्रभु श्रीराम ने अपने जीवन के 11 वर्षों से अधिक समय यहां बिताया था। ऐसे पवित्र धार्मिक स्थल का विकास उसकी आध्यात्मिक पहचान को बनाए रखते हुए किया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलें और चित्रकूट की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को व्यापक स्तर पर स्थापित किया जा सके।
कामतानाथ के दर्शन, बच्चों से खरीदे दीपक
मुख्यमंत्री ने भगवान कामतानाथ मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। प्राचीन मुखारबिंद के दर्शन के बाद उन्होंने श्रद्धालुओं को दीपावली की मिठाई वितरित की और पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान मुख्यमंत्री का सहज और आत्मीय अंदाज भी देखने को मिला। वे सड़क किनारे स्थित चाय की दुकान पर पहुंचे और कुल्हड़ में चाय पी। उन्होंने श्रद्धालुओं से बातचीत की तथा दीपदान के लिए दीपक बेच रहे बच्चों से मुलाकात कर उनसे दीपक भी खरीदे।
स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण, डॉक्टरों के साथ ली सेल्फी
मुख्यमंत्री ने मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं के लिए बनाए गए स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों से उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं तथा श्रद्धालुओं को दी जा रही उपचार सेवाओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर स्वास्थ्यकर्मी उत्साहित नजर आए। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों के साथ सेल्फी भी खिंचवाई। इसके बाद मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिए बनाए गए पीपा पुल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
कार्यक्रम में नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, सांसद गणेश सिंह, चित्रकूट विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार, चित्रकूट विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष विजय यादव, दीनदयाल शोध संस्थान के संगठन सचिव अभय महाजन सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।







