फर्जी जॉब कैंपस का आरोप दिल्ली बुलाकर छात्रों से हजारों रुपये ऐंठे देंखे वीडियो
जबलपुर,यशभारत

जबलपुर,यशभारत। न्यू जबलपुर आईटीआई के कई छात्रों ने संस्थान के संचालक एवं कथित भर्ती प्रक्रिया से जुड़े लोगों पर नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में छात्र हेमंत कुशवाहा सहित अन्य छात्रों ने थाना ओमती में शिकायत देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, आईटीआई की ओर से 8 जून को छात्रों को संदेश भेजकर 11 जून को एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स के कैंपस प्लेसमेंट की जानकारी दी गई थी।
चयनित छात्रों को करीब 28 हजार रुपये वेतन और ग्रेटर नोएडा में नौकरी का आश्वासन देते हुए 23 जून को दिल्ली बुलाया गया। आरोप है कि वहां होटल में ठहराने के बाद प्रत्येक छात्र से ड्रेस और अन्य मदों के नाम पर 6-6 हजार रुपये वसूले गए।छात्रों का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया संभाल रहे शुभम समद्दर ने अपनी पहचान के लिए कथित रूप से फर्जी दस्तावेज भेजे और बाद में होटल से फरार हो गया। इसके बाद छात्रों को अपने साथ धोखाधड़ी होने का एहसास हुआ।
पीड़ित छात्रों ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध धोखाधड़ी का मामला दर्ज करने तथा आर्थिक नुकसान की भरपाई कराने की मांग की है।







