खूनी विवाद : शराब के लिए अडिबाजी सैलूनकर्मी पर चाकू से हमला : दुकान में घुसकर किए कई वार

सतना।शहर के कोलगवां थाना क्षेत्र के घरडांग इलाके में शराब के लिए रुपये नहीं देने पर एक सैलूनकर्मी पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है।
घटना में चमन चौक निवासी मनोज सेन घायल हो गए। चाकू का एक वार उनकी जांघ में लगा, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, मनोज सेन घरडांग क्षेत्र में अपनी दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान आरोपी अपने एक साथी के साथ वहां पहुंचा। बताया जा रहा है कि आरोपी पहले भी मनोज से शराब पीने के लिए रुपये मांग चुका था। इस बार मनोज ने पैसे देने से इनकार किया तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसके बाद दोनों युवक दुकान के अंदर घुस गए और मनोज के साथ मारपीट करते हुए उन पर चाकू से हमला कर दिया।
घायल मनोज के मुताबिक, हमले के दौरान एक युवक ने उन्हें पकड़कर बचाव करने से रोके रखा, जबकि दूसरे ने चाकू से कई वार किए। इस दौरान चाकू उनकी जांघ में लगा और वह घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों और स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलने के बाद कोलगवां थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शराब के लिए रुपये मांगने से शुरू हुआ विवाद अब चाकूबाजी तक पहुंच गया। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है।







