गाजर घास उन्मूलन एवं नशामुक्ति जागरूकता अभियान

यशभारत रायपुर दुर्ग/बालोद। स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति छत्तीसगढ़ द्वारा संस्थापक एवं प्रदेश अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल के मार्गदर्शन में लगातार 1,316वें दिन स्वच्छता, पौधारोपण, जल संरक्षण, गाजर घास उन्मूलन एवं नशामुक्ति जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत अंजोरा ख, शिवनाथ नदी मुक्ति धाम महमरा, भिलाई सेक्टर-7, रिसाली दशहरा मैदान, शिव पार्वती धाम बालोद एवं सुरेगांव में सफाई कर कचरा एकत्रित किया गया।
अंजोरा ख में गाजर घास को जड़ से उखाड़कर नष्ट किया गया। वहीं मंदिर एवं सार्वजनिक स्थलों पर प्लास्टिक, डिस्पोजल, दोना-पत्तल, गुटखा पाउच सहित अन्य कचरे को एकत्रित कर निर्धारित स्थान पर पहुंचाया गया। समिति ने लोगों से नदी, तालाब एवं सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने तथा जल संरक्षण और पौधारोपण को बढ़ावा देने की अपील की।
प्रदेश अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल ने कहा कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए समिति का अभियान लगातार जारी रहेगा। इस दौरान समिति के पदाधिकारी, सदस्य एवं युवा टीम के साथ अनेक नागरिकों ने सहभागिता की।







