
पचमढ़ी, मध्य प्रदेश: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने आज मध्य प्रदेश के पचमढ़ी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया। इस महत्वपूर्ण आयोजन में शामिल होने के लिए शाह भोपाल पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उनका गर्मजोजोशी से स्वागत किया। इसके बाद वे तुरंत पचमढ़ी के लिए रवाना हो गए।
मध्य प्रदेश में भाजपा अपने सभी सांसदों, विधायकों और मंत्रियों के लिए इस विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन कर रही है, जिसका उद्देश्य उन्हें पार्टी के अनुशासन और निष्ठा का पाठ पढ़ाना है। पचमढ़ी की सुरम्य वादियों में यह शिविर आज, 14 जून से शुरू होकर 16 जून तक चलेगा। शिविर में शामिल होने के लिए सभी जनप्रतिनिधि 13 जून को ही पचमढ़ी पहुंच गए थे।
पहले दिन का कार्यक्रम: विचारधारा और कार्यपद्धति पर मंथन
प्रशिक्षण शिविर के पहले दिन कुल तीन सत्र आयोजित किए गए। पहले सत्र में पार्टी की मूल विचारधारा ‘हमारा विचार और पंच निष्ठा’ पर गहन चर्चा हुई, जिसमें प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह और वरिष्ठ नेता गोपाल भार्गव ने उपस्थित जनप्रनिधियों का मार्गदर्शन किया।
दूसरे सत्र में, भाजपा की कार्यपद्धति पर विस्तृत जानकारी साझा की गई। इस सत्र में प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और सांसद बंशीलाल गुर्जर ने अपने अनुभव और सुझाव दिए।
तीसरे और अंतिम सत्र में, स्वप्निल कुलकर्णी और प्रदेश महामंत्री भगवान दास सबनानी ने पार्टी की शताब्दी वर्ष योजना और ‘पंच परिवर्तन’ विषय पर एक विस्तृत प्रस्तुति दी।
दूसरे दिन मिलेगी व्यावहारिक ट्रेनिंग
प्रशिक्षण के दूसरे दिन, यानी 15 जून को, नेताओं को चुनाव क्षेत्र में कार्य करने की व्यावहारिक चुनौतियों, नवाचारों और विधानसभा-संसद में उनकी भूमिका पर विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। चुनाव क्षेत्र में प्रबंधन, नवाचार और सदन में भूमिका पर केंद्रित इस सत्र को तीन समूहों में बांटा जाएगा:
पहला समूह: पहली और दूसरी बार के विधायकों को सांसद सुधीर गुप्ता और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सीताशरण शर्मा संबोधित करेंगे।
दूसरा समूह: वरिष्ठ विधायकों को उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला, विधायक प्रदीप लारिया और हरिशंकर खटीक संबोधित करेंगे।
तीसरा समूह: राज्यसभा और लोकसभा के सांसदों को केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र खटीक और केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उईके संबोधित करेंगे।
तीसरे दिन राजनाथ सिंह और जेपी नड्डा करेंगे समापन सत्र को संबोधित
प्रशिक्षण शिविर के तीसरे और अंतिम दिन, 16 जून को, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह विशेष रूप से समापन सत्र में शामिल होंगे। वे अब तक के सत्रों की समीक्षा करेंगे और आगामी चुनावों के लिए पार्टी के नेताओं को प्रेरित करेंगे। इस महत्वपूर्ण सत्र में आने वाले समय में पार्टी की रणनीति, संवाद कौशल और जनसंपर्क अभियान को और अधिक प्रभावी कैसे बनाया जाए, इस पर गहन चर्चा की जाएगी।







