मध्य प्रदेशराज्य

बड़ी खबर : अस्पताल परिसर में नर्स की गोली मारकर हत्या: हत्यारा फरार, पुलिस जांच में जुटी

Table of Contents

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ जिले के शाहगढ़ कस्बे में बुधवार को कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) परिसर के भीतर एक अज्ञात हमलावर ने स्टाफ नर्स की गोली मारकर हत्या कर दी। अस्पताल जैसे संवेदनशील और सुरक्षित क्षेत्र में हुई इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। घटना के बाद आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गया। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कातिल की तलाश में सरगर्मी से जुटी है।

ड्यूटी के दौरान हुआ हमला

मिली जानकारी के अनुसार, जबलपुर जिले के पाटन की रहने वाली 26 साल की दीप शिखा शाहगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्टाफ नर्स के पद पर पदस्थ थी। दोपहर के समय जब अस्पताल में मरीजों की सामान्य चहल-पहल थी, तभी अज्ञात हमलावर परिसर में दाखिल हुआ और सीधे नर्स को निशाना बनाकर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही नर्स लहूलुहान होकर गिर पड़ी और मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई। अचानक हुई फायरिंग से अस्पताल परिसर में भगदड़ मच गई, जिसका फायदा उठाकर आरोपी भागने में सफल रहा।

सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी बल के साथ मौके पर पहुँचे। घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (FSL) की टीम को बुलाया गया है, जिसने घटनास्थल से कारतूस के खाली खोखे और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस मृतका के कॉल डिटेल्स (CDR) खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या उन्हें पूर्व में कोई धमकियां मिल रही थीं। शुरुआती अंदेशा व्यक्तिगत रंजिश की ओर इशारा कर रहा है, हालांकि पुलिस फिलहाल अन्य पहलुओं पर भी जांच कर रही है।

वारदात के बाद जिले भर में अलर्ट जारी कर दिया गया है। शाहगढ़ से बाहर जाने वाले सभी रास्तों पर सघन नाकेबंदी कर वाहनों की चेकिंग की जा रही है। अस्पताल के प्रवेश द्वार और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी के हुलिए के बारे में कुछ अहम सुराग मिले हैं और जल्द ही उसे सलाखों के पीछे पहुँचा दिया जाएगा।

सुरक्षा पर उठे सवाल

सरकारी अस्पताल परिसर के भीतर हुई इस दुस्साहसिक हत्या से स्वास्थ्य कर्मियों में भारी रोष है। कर्मचारियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि कार्यस्थल पर ही जान का खतरा रहेगा, तो वे सेवाएं कैसे दे पाएंगे। स्थानीय नागरिकों ने भी इस वारदात के बाद पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।

यश भारत के संभागीय ब्यूरो द्वारा घटना के संबंध में एडिशनल एसपी देहात संजीव उईके से जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। वहीं, एडिशनल एसपी लोकेश कुमार सिन्हा ने बताया कि जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस का विशेष जांच दल गठित कर दिया है, जल्द ही हत्यारे को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button